Amroha News : कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएमएसपी ने लिया जायजा, अधूरे कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

Amroha News : कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएमएसपी ने लिया जायजा, अधूरे कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
Amroha News : कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएमएसपी ने लिया जायजा, अधूरे कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

अमरोहा, अमृत विचार। सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने की बात कही। 

सोमवार को डीएम डॉ नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव ने बिजनौरअमरोहा मार्ग पर याहियापुर, मखदूमपुर होते हुए बीलना बॉर्डर तक तथा धनौरा तहसील क्षेत्र में बिजनौर सीमा तक कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इसके अलावा गजरौला स्थित कुमराला पुलिस चौकी सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर बैरिकेडिंग, साफसफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, यातायात प्रबंधन और रूट डायवर्जन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर कार्य अधूरा है, उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था और मजबूत करने तथा नियमित साफसफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जबकि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मार्ग की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन योजना प्रभावी ढंग से लागू की जाएगी। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं और श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नौगावां सादात शशिभूषण पाठक, उप जिलाधिकारी धनौरा शैलेश कुमार दुबे, क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *