यूपी के मंत्री नन्दी ने मनाया 16वां ‘पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव’, भगवान शिव का किया रुद्राभिषेक, 30 नवजात बेटियों को बांटे बेबी किट

यूपी के मंत्री नन्दी ने मनाया 16वां ‘पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव’, भगवान शिव का किया रुद्राभिषेक, 30 नवजात बेटियों को बांटे बेबी किट
यूपी के मंत्री नन्दी ने मनाया 16वां ‘पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव’, भगवान शिव का किया रुद्राभिषेक, 30 नवजात बेटियों को बांटे बेबी किट

प्रयागराज, अमृत विचार। वर्ष 2010 में आरडीएक्स से हुए जानलेवा हमले में मौत को मात देकर नया जीवन प्राप्त करने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने रविवार को अपना 16वां ‘पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव’मनाया। इस अवसर पर उन्होंने सपरिवार भगवान शिव की आराधना कर कृतज्ञता जताई और लोक कल्याण की कामना की। इस दौरान पूरे इलाके में एक हजार सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

2010 के हमले में मिली थी नई जिंदगी
12 जुलाई 2010 को शहर के बहादुरगंज में मंत्री नन्दी पर रिमोट कंट्रोल आरडीएक्स बम से जानलेवा हमला हुआ था। इस ब्लास्ट में एक सुरक्षाकर्मी और एक पत्रकार की मौत हो गई थी, जबकि नन्दी गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार चार महीने के इलाज और समर्थकों की दुआओं से वे स्वस्थ हुए। तब से प्रत्येक वर्ष वह 12 जुलाई को अपना ‘पुनर्प्राप्त जन्मदिवस’ मनाते हैं। इस दिन को व्यापारी वर्ग ‘साहस दिवस’ के रूप में मनाता है।

51 डमरूओं का नाद और 180 बटुकों का मंत्रोच्चारण
मंत्री नन्दी ने प्रयागराज की पूर्व महापौर एवं अपनी पत्नी अभिलाषा गुप्ता नन्दी और समर्थकों के साथ बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामनापूर्ति शिव मंदिर में रुद्राभिषेक किया। पूजन के दौरान श्री दुर्गा देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंझनपुर के 180 बटुकों ने स्वस्तिवाचन और मंत्रोच्चारण किया। कार्यक्रम में 51 डमरूओं का भव्य नाद भी हुआ। मंत्री नन्दी अपने आवास से सिर पर कलश रखकर मंदिर तक पहुंचे। पूर्व महापौर ने भी बटुकों का अभिनंदन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

30 नवजात बेटियों को बांटे गए बेबी किट
मंत्री के पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव के अवसर पर स्वरूपरानी नेहरू मेडिकल कॉलेज में जन्मी 30 नवजात बेटियों को बेबी किट और उनकी माताओं को नन्दी प्रोडक्ट के सामान वितरित किए गए। कार्यक्रम का समन्वय गौरव वीरेंद्र अग्रवाल ने किया। इस दौरान एसआईसी डॉ. नीलम सिंह, स्मिता अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सेवा में समर्पित किया पुनर्जीवन
पुनर्जीवन पाने के बाद मंत्री नन्दी ने अपना जीवन जनसेवा को समर्पित कर दिया है:

महिला सशक्तिकरण: नैनी और गंगोत्रीनगर में पिछले 10 वर्षों से निशुल्क ब्यूटीशियन और सिलाई कोर्स का संचालन हो रहा है। अब तक 1200 से अधिक महिलाएं कोर्स कर चुकी हैं। नन्दी सेवा संस्थान द्वारा 131 महिलाओं को सिलाई मशीनें दी गई हैं।

आर्थिक मदद: बेसहारा हो चुके दो दर्जन परिवारों को हर महीने 10 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है।

सामाजिक सहायता: 2010 से अब तक 10 हजार बेटियों की शादी में मदद और 6000 से अधिक लोगों को तेरहवीं भोज के लिए राशन सामग्री दी जा चुकी है।

मां की रसोई: एसआरएन अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों को मात्र 9 रुपए में भरपेट भोजन कराया जा रहा है, जिसका लाभ रोज 900 से 1000 लोग ले रहे हैं।

विदेशी मेहमान और दिग्गज हुए शामिल
इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, सांसद रीता प्रवीण पटेल, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, विधायक दीपक पटेल और फिल्म डायरेक्टर अभिषेक अग्रवाल शामिल हुए। इसके अलावा लंदन और स्पेन से आए 9 युवा विदेशी उद्यमियों के दल ने भी प्रयागराज पहुंचकर रुद्राभिषेक पूजन में हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *