Please assign a menu to the primary menu location under menu

Trending

इस मौसम में कौन से आम आते हैं, स्वाद में निकलेंगे एकदम मीठे, खरीदने से पहले जान लें नाम

मीठे आम का नाम और पहचान
Image Source : FREEPIK

आम के दीवाने मार्च से ही इस रसीले और मीठे फल के आने का इंतजार करने लगते हैं। भारत के कुछ हिस्सों में मार्च में ही आम आने लगते हैं। मार्च के आखिर और अप्रैल की शुरुआत में आम की कई वैरायटी बाजार में मिलने लगती है। हालांकि कुछ लोग शुरुआत में आम खरीदने से इसलिए बचते हैं कि कहीं आम खट्टे तो नहीं है। जबकि ऐसा नहीं है। इस सीजन में मिलने वाले कुछ आम स्वाद में बहुत मीठे और रसीले निकलते हैं। हां इसके लिए आपको उस आम का नाम जरूर पता होना चाहिए। आज हम आपको मार्च के आखिर और अप्रैल के शुरू में बिकने वाले आमों की किस्म के बारे में बता रहे हैं, जो काफी मीठी होती हैं। अगर आप आम खाने के शौकीन है तो ये वाले आम खरीदकर घर लाएं। ये स्वाद में बहुत मीठे और रसीले निकलेंगे। आइये जानते हैं अप्रैल में बिकने वाले कौन से आम मीठे होते हैं?

अप्रैल में कौन से आम आते हैं?

अल्फांसो आम- अप्रैल में अल्फांसो सबसे पहले आने वाले आमों में शामिल है, जो स्वाद में बहुत मीठा होता है। भारत के महाराष्ट्र में पैदा होने वाले इस आम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोग काफी पसंद करते हैं। इसे आम का राजा भी कहा जाता है। इसका स्वाद काफी मीठा होता है। अल्फोंसो आम दिखने में छोटे साइज का होता है और इसका रंग हरा और पीला मिक्स होता है।

केसर आम- इस सीजन में यानि अप्रैल मई में केसर आम भी मिलता है। ये आम की सबसे जल्दी आने वाली किस्मों में से एक है। इस आम का रंग केसर जैसा होता है। ये स्वाद में काफी मीठा होता है और आसानी से इन दिनों उपलब्ध होता है। आप इसे किसी भी डिश में मैंगो फ्लेवर लाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे केसर या केसरिया भी कहते हैं। केसर आम को ‘आमों की रानी’ भी कहा जाता है। इसकी पैदावार गुजरात के जूनागढ़ जिले में होती है।

सफेदा आम- इन दिनों सफेदा आम भी बिकने लगता है। इस आम का इस्तेमाल मैंगोशेक बनाने के लिए ज्यादा किया जाता है। इसका स्वाद खट्टा मीठा होता है लेकिन ये गूदा से भरपूर होता है। इस आम का छिलका ऊपर से एकदम पीला होता है। आंध्र प्रदेश में खासतौर से सफेदा आम की खेती होती है और ये अप्रैल महीने से ही मिलने लगता है।

पहेरी आम- इन दिनों आपको पेहरी या पैरी आम भी मिल जाएगा। ये आम सफेदा के साथ ही बाजारों में आने लगता है। मई से लेकर जून तक इसका पीक सीजन होता है। पहेरी आम ऊपर से हल्का लाल दिखता है। ये इतना मीठा होता है कि लोग इसे शहद आम भी कहते हैं। गुजरात में गर्मियों इसका इस्तेमाल आमरस बनाने के लिए किया जाता है। 

सबसे मीठा आम कौन सा होता है?

इस सीजन की बात करें यानि अप्रैल की शुरुआत में मीठा आम खरीदना चाहते हैं तो आप पेहरी आम खरीद सकते हैं। इसके अलावा केसर और अल्फांसो आम का स्वाद भी काफी मीठा होता है। मई में दशहरी आम भी आने लगते हैं। इनका स्वाद भी काफी मीठा लगता है। आप अपनी पसंद के हिसाब से कोई भी आम खरीदकर आम का स्वाद चख सकते हैं।

 

hi.quicksamachar@gmail.com

Leave a Reply