Amroha News : नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने लोगों पर चढ़ाई कार, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

Amroha News : नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने लोगों पर चढ़ाई कार, हत्या के प्रयास का केस दर्ज
Amroha News : नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने लोगों पर चढ़ाई कार, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

डिडौली, अमृत विचार। अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद हेड कांस्टेबल पर कार से दो लोगों को कुचलने के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। इसके अलावा आरोपी सिपाही ने अपनी कार से बाइक सवार पिता पुत्र को टक्कर मार दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस महक में हड़कंप मचा है।

डिडौली निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 13 जुलाई की रात करीब 11 बजे अपने परिवार के साथ जोया से घर लौट रहे थे। आरोप है कि बापूधाम/चामुंडा माता मंदिर के पास पड़ोसी एवं हेड कांस्टेबल संजीव तोमर अपनी कार सड़क के बीचोंबीच खड़ी किए हुए था। रास्ता अवरुद्ध होने पर उन्होंने कार हटाने और साइड देने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद संजीव तोमर ने गालीगलौज शुरू कर दी और शराब के नशे में अपनी कार अमित कुमार की ओर तेज गति से दौड़ा दी। कार का पहिया अमित के बाएं पैर पर चढ़ गया, जिससे वह घायल हो गए। वहीं मौके पर मौजूद रविंद्र पुत्र धर्म सिंह के घुटनों में भी चोट आई।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और कार को कई बार आगेपीछे कर दोनों को कुचलने का प्रयास करता रहा। जान बचाने के लिए अमित और रविंद्र पास में खड़े एक ट्रैक्टर की आड़ में छिप गए। आरोप है कि आरोपी ने ट्रैक्टर में भी कई बार टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया और बाद में मौके से कार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पक्ष से जानकारी ली। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी हेड कांस्टेबल संजीव तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पीड़ित ट्रैक्टर की आड़ नहीं लेते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *