बाराबंकी : एक नंबर दो वैगन आर, हमशक्ल देख असल मालिक के उड़े होश

बाराबंकी : एक नंबर दो वैगन आर, हमशक्ल देख असल मालिक के उड़े होश
बाराबंकी : एक नंबर दो वैगन आर, हमशक्ल देख असल मालिक के उड़े होश

बाराबंकी,  अमृत विचार : कार माडल एक, कलर एक और तो और नंबर में रत्ती भर का फर्क नहीं। अपने ही नंबर वाली वैगन आर आंखों के सामने खड़ी देख असल कार स्वामी की हैरत का ठिकाना नहीं रहा। उसी नंबर वाली दूसरी कार से कोई क्राइम कर बैठे और नाम उसका आए, इससे पहले ही शिकायत पुलिस तक पहुंच गई और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रहा आरोपी कार समेत दबोच लिया गया।
 
हुआ यह कि महज एक दिन पूर्व जैदपुर कस्बा अंतर्गत मोहल्ला गढ़ी कदीम के रहने वाले खुर्शीद आलम किसी काम से बाराबंकी आए और अपनी यूपी 32 जेए 2024 नंबर की वैगन आर कार शहर में निब्लेट तिराहे के पास जामा मस्जिद के सामने मैदान में खड़ी कर दी। बाहर निकलने पर उनकी नजर पास ही खड़ी दूसरी वैगन आर कार पर पड़ी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई देखा कि कार माडल, रंग के साथ ही प्लेट पर नंबर भी उन्ही की कार के पड़े हुए थे। खुर्शीद ने बताया कि पहली बात तो उन्हे बड़ा ताज्जुब हुआ, फिर सोंचा कि उसी नंबर वाली कार का उपयोग अपराध क्षेत्र में न किया जा रहा हो, जिससे उन्हे पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़े। 

इसलिए उन्होने तत्काल पुलिस से शिकायत की। पुलिस की जांच में बात सही निकली। पड़ताल शुरु हुई तो कार मालिक का पता भी चल गया। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार चला रहे आरोपी का नाम बेगमगंज मोहल्ला निवासी हैदर अब्बास पुत्र अली अब्बास निकला। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शहर कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रहे कार सवार को पकड़ा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *