
संभल, अमृत विचार। संभल में प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर एक्शन कर कब्रिस्तान की जमीन पर बनी ईदगाह को ध्वस्त कर दिया। अफसरों का कहना है कि धार्मिक स्थल की आड़ में मुख्य मार्ग के किनारे की कीमती जमीन को बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
जनपद संभल की तहसील संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव मढ़न में असमोलीलोधीपुर मार्ग किनारे कब्रिस्तान की जमीन पर ईदगाह का निर्माण करने व उसके पास की कुछ जमीन को समतल कर लिए जाने की शिकायत प्रशासन से की गई थी। इस मामले को लेकर तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर कर सुनवाई की गई। तहसीलदार न्यायालय ने धारा 67 के अंतर्गत गांव मढ़न में कब्रिस्तान की भूमि गाटा संख्या 208 रकबा 0.0070 हेक्टेयर अवैध कब्जा हटाने के आदेश दिये।
अवैध कब्जे को हटाने के लिए मंगलवार का दिन तय किया गया था। मंगलवार को तीन थानों की पुलिस के साथ ही तहसीलदार संभल धीरेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल व शुभम प्रताप सिंह के अलावा राजस्व निरीक्षक चंद्रपाल सिंह एवं पंकज गुप्ता, लेखपाल दिगपाल सिंह, सुभाषचन्द्र, पीयूष शर्मा, सुरेन्द्र सिंह, अनुराग शर्मा, मुकेश कुमार शर्मा, पुष्पेन्द्र कुमार, अमित कुमार1 मढन गांव पहुंचे। पुलिस की तैनाती के बीच बुलडोजर से ईदगाह को तोड़ने का काम किया गया। लगभग ढ़ाई घंटे की कार्रवाई में बुलडोजर ने ईदगाह की दोनों बड़ी मीनार व अन्य निर्माण तोड़ दिया। शाम को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल व पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे।