अब स्टेशन नहीं, एयरपोर्ट बोलिए! ऐशबाग रेलवे स्टेशन का बदला लुक, सुविधाएं देख रह जाएंगे दंग

अब स्टेशन नहीं, एयरपोर्ट बोलिए! ऐशबाग रेलवे स्टेशन का बदला लुक, सुविधाएं देख रह जाएंगे दंग
अब स्टेशन नहीं, एयरपोर्ट बोलिए! ऐशबाग रेलवे स्टेशन का बदला लुक, सुविधाएं देख रह जाएंगे दंग

लखनऊ, अमृत विचार : ऐशबाग रेलवे स्टेशन का लुक अब पूरी तरह बदल चुका है, यात्री भी यहां की सुविधायें देख दंग हो रहे हैं, वह कह रहे है कि इसे स्टेशन नहीं बल्कि एयरपोर्ट बोलिये। यह मिलने वाली विश्वस्तरीय सुविधायें लोगों को यात्रा का अलग ही आनन्द दे रही हैं। एक वक्त था जब स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करना यात्रियों काफी थकाने वाला हुआ करता था, लेकिन अब सुविधायें बढ़ने से सफर ही नहीं इंतजार भी यात्रियों को सुकून देने वाला हो गया है।

दरअसल, यह सबकुछ संभव हो सका है भारत सरकार के एक खास पहल से, भारत सरकार के रेल मंत्रालय की तरफ से अमृत भारत स्टेशन योजना की शुरूआत की गई थी, जिसके तहत लखनऊ मंडल के ऐशबाग जंक्शन को चुना गया था और रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास परियोजना के लिए ₹24.13 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी। परियोजना के पूरा होने पर स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ के जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया है कि परियोजना के अंतर्गत स्टेशन परिसर का व्यापक विस्तार एवं सौंदर्यीकरण किया गया है। यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ उच्चस्तरीय पार्किंग सुविधाओं का विकास भी शामिल है। प्लेटफार्मों पर आधुनिक फर्श, उच्च गुणवत्ता वाले शौचालय, उन्नत पार्किंग एरिया और सर्कुलेटिंग एरिया में हरित पार्कों का विकास तथा यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए मानक अनुरूप एलईडी साइनेज लगाए गए हैं। 

        
इसके अलावा उन्होंने बताया कि दोनों तरफ के प्रवेश द्वारों पर ‘काऊ कैचर’ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा प्रथम एवं द्वितीय प्रवेश द्वारों को जोड़ने के लिए 6 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इस FOB पर पर्याप्त संख्या में लिफ्ट और एस्केलेटर भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और सामान्य यात्रियों को आसानी हो। 

रेल मंत्रालय के इस प्रयास से ऐशबाग जंक्शन एक आकर्षक, आधुनिक और यात्रीअनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित हो रहा है। यह परियोजना यहां आने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और उत्कृष्ट यात्रा अनुभव प्रदान करेगी और क्षेत्र के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *