
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बृहस्पतिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के प्रियदर्शनी नगर स्थित पुराने पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह सनसनीखेज धमकी पासपोर्ट कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक मेल के जरिये दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में अफरातफरी का माहौल बन गया।
चप्पेचप्पे की हुई सघन चेकिंग
धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम आननफानन में मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने तुरंत डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुला लिया। सुरक्षा टीमों ने पूरे पासपोर्ट कार्यालय परिसर को अपने घेरे में ले लिया और कार्यालय की छत से लेकर हर एक कमरे व चप्पेचप्पे की गहन तलाशी का अभियान चलाया।
नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
पुलिस और बम निरोधक दस्ते द्वारा चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान में गनीमत यह रही कि परिसर के अंदर या बाहर कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस और कार्यालय के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अलर्ट मोड पर है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से उस ईमेल आईडी को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, जिसके जरिए यह धमकी भरा संदेश भेजा गया था, ताकि शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।