भारत के बड़े शहरों में बदलता मौसम अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डाल रहा है. पिछले कुछ वर्षों में रात की गर्मी भी लगातार बढ़ी है. इसकी वजह से कई लोगों को ठीक से नींद न आने, रात में बारबार नींद खुलने और सुबह थकान महसूस होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. अच्छी नींद शरीर और दिमाग दोनों के लिए जरूरी होती है. अगर रात में मौसम ज्यादा गर्म हो, तो आरामदायक नींद लेना मुश्किल हो सकता है. यही वजह है कि रात की बढ़ती गर्मी और नींद के बीच संबंध को लेकर दुनियाभर में कई स्टडी की जा रही हैं.

हाल ही में ने 2020 से 2025 के बीच दुनिया के 1,300 से ज्यादा शहरों और भारत के 100 से अधिक शहरों के आंकड़ों का एनालिसिस किया है. इस स्टडी में भारत के कई बड़े शहरों को भी शामिल किया गया है. इसमें यह समझने की कोशिश की गई है कि रात का बढ़ता तापमान लोगों की नींद को किस तरह प्रभावित कर रहा है. आइए जानते हैं कि इस स्टडी में क्या सामने आया है और भारत के बड़े शहरों को लेकर क्या जानकारी दी गई है.
Climate Central की स्टडी में क्या सामने आया?
Climate Central की स्टडी के अनुसार, 2020 से 2025 के बीच किए गए एनालिसिस में दुनिया के 1,300 से ज्यादा शहरों और भारत के 100 से अधिक शहरों को शामिल किया गया. इसमें पता चला कि बढ़ते तापमान का असर लोगों की नींद पर भी पड़ रहा है. भारत में चेन्नई सबसे ज्यादा प्रभावित शहर रहा, जहां हर साल करीब 93 घंटे की नींद कम होने का अनुमान है. इसके बाद मुंबई , कोलकाता , अहमदाबाद , हैदराबाद , बेंगलुरु , दिल्ली और पुणे का स्थान रहा.
स्टडी में यह भी बताया गया है कि इन शहरों में हर साल नींद कम होने के कुल समय में करीब 5 से 8 घंटे की कमी क्लाइमेट चेंज की वजह से बढ़े रात के तापमान से जुड़ी हो सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलते मौसम का एक ऐसा असर है, जिस पर ध्यान देना जरूरी है.
गर्म रातें नींद को कैसे करती हैं प्रभावित?
Climate Central के मुताबिक, अच्छी नींद के लिए शरीर का तापमान स्वाभाविक रूप से थोड़ा कम होना जरूरी होता है. लेकिन जब रात में भी गर्मी बनी रहती है, तो शरीर को ठंडा होने में दिक्कत हो सकती है. इससे जल्दी नींद आने में परेशानी हो सकती है या रात में बारबार नींद खुल सकती है. लगातार अच्छी नींद न मिलने से थकान, चिड़चिड़ापन, ध्यान लगाने में परेशानी और काम करने की क्षमता पर असर पड़ सकता है.
स्टडी में यह भी बताया गया है कि लंबे समय तक नींद की कमी रहने से हार्ट और नसों से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा, दिनभर नींद आना, काम के दौरान गलतियां होना और सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ सकता है. इसलिए पर्याप्त और अच्छी नींद लेना सेहत के लिए बेहद जरूरी माना जाता है.
अच्छी नींद के लिए किन बातों का रखें ध्यान?
अच्छी नींद के लिए कमरे को जितना हो सके ठंडा और आरामदायक रखें. सोने से पहले भारी भोजन, कैफीन और मोबाइल या लैपटॉप का ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें. रोजाना एक ही समय पर सोने और उठने की आदत बनाएं. हल्के और ढीले कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें.
अगर मौसम ज्यादा गर्म हो, तो कमरे में हवा आने का इंतजाम करें या पंखे और एसी का सही तरीके से इस्तेमाल करें. दिन में नियमित शारीरिक एक्टिविटी करने से भी रात में अच्छी नींद आने में मदद मिल सकती है. अगर लंबे समय तक नींद न आने, बारबार नींद टूटने या दिनभर थकान रहने की समस्या बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है.