Quick Samachar: बेंगलुरु: बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के मल्लेश्वरम इलाके में एक 27 वर्षीय युवक ने अपनी 20 साल की लिवइन पार्टनर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और वे पिछले कुछ समय से साथ रह रहे थे।

इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, 6 महीने लिव-इन में रहे; फिर बॉयफ्रेंड ने ही घोंट दिया गला​
इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, 6 महीने लिव-इन में रहे; फिर बॉयफ्रेंड ने ही घोंट दिया गला​

शनिवार रात को हुआ था विवाद
मृतका की पहचान अनुषा और आरोपी की पहचान शरत के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से हासन जिले के सकलेशपुर के रहने वाले थे। इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद दोनों करीब आए और पिछले छह महीने से बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में एक साथ लिवइन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात को दोनों के बीच किसी निजी मुद्दे को लेकर बहस हुई थी। यह बहस इतनी बढ़ गई कि शरत ने कथित तौर पर अनुषा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बता दें कि आरोपी शरत शहर में पानी का टैंकर चलाने का काम करता था।

वकील को बताई हत्या की बात, तब खुला राज
इस खौफनाक वारदात का खुलासा घटना के दो दिन बाद यानी सोमवार को तब हुआ, जब आरोपी शरत ने अपने एक वकील को इस हत्या के बारे में बताया। इसके बाद वकील ने तुरंत पुलिस को मामले की अलर्ट किया। सूचना मिलते ही शेषाद्रिपुरम पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद अनुषा का शव उसके परिवार वालों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है, उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

सिक्किम की महिला का गला रेता
बेंगलुरु में ही दो दिन पहले सिक्किम की रहने वाली 22 साल की एक महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान सिक्किम की रहने वाली 22 साल की अति हंगमा सुब्बा के तौर पर हुई है, जो एक सैलून में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थी। आरोपी, दार्जिलिंग का रहने वाला पूर्बा लेपचा, एक होटल में वेटर का काम करता था।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों रिलेशनशिप में थे और करीब एक महीने पहले ही बेंगलुरु आए थे। वे डोड्डाकन्नाहल्ली में साथ रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह दोनों के बीच बहस हुई, क्योंकि आरोपी को शक था कि महिला का किसी और व्यक्ति के साथ संबंध है। बहस के दौरान, पूर्बा लेपचा ने कथित तौर पर किचन के चाकू से अति हंगमा सुब्बा पर हमला किया और उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पति ने होमगार्ड पत्नी की हत्या की
इससे पहले बेंगलुरु में ही एक 34 वर्षीय होमगार्ड महिला की उसके पति ने वैवाहिक विवाद के बाद उसकी बेटी और मां के सामने कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान मंजुला के रूप में हुई है, जो महादेवपुरा पुलिस थाने में होमगार्ड के रूप में कार्यरत थी। पुलिस ने बताया कि महिला के पति प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो एक ऑटोरिक्शा चालक था।

पुलिस ने बताया कि मंजुला अपने पति के साथ अक्सर झगड़ा होने के चलते पिछले लगभग एक महीने से अपने दो बच्चों के साथ उदयनगर स्थित अपने मायके में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम को हुई जब कुमार सुलह करने के बहाने अपनी पत्नी के मातापिता के घर गया था। पुलिस के अनुसार, वह चाहता था कि मंजुला अपने बच्चों के साथ उसके घर लौट आए, लेकिन उसने इनकार कर दिया।

Related News

💬 Comments (0)

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *