Quick Samachar: Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दिलचस्प और फिल्मी अंदाज वाला मामला सामने आया है. यहां चोरी के मोबाइल से महिलाओं को अश्लील कॉल करने और उन्हें कोर्ट मैरिज का झांसा देने वाले एक चोर को महिलाओं ने ही अपनी सूझबूझ से दबोच लिया. महिलाओं ने जाल बिछाकर चोर को मिलने के बहाने बुलाया और जैसे ही वह पहुंचा, ग्रामीणों ने उसे पकड़कर बगीचे में आम के पेड़ से बांध दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

गाजीपुर का रोमियो चोर: चोरी के फोन से देता था कोर्ट मैरिज का झांसा, महिलाओं ने मिलने बुलाया, फिर सिखाया ऐसा सबक​
गाजीपुर का रोमियो चोर: चोरी के फोन से देता था कोर्ट मैरिज का झांसा, महिलाओं ने मिलने बुलाया, फिर सिखाया ऐसा सबक​

यह अनोखी घटना रेवतीपुर थाना क्षेत्र के साइतबांध बनवासी बस्ती की है. जानकारी के मुताबिक, करीब तीनचार दिन पहले बस्ती के एक घर में रात के समय चोरी की वारदात हुई थी. चोर घर में घुसकर एक कीपैड और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन चुरा ले गया था. पीड़ित परिवार ने इस चोरी की शिकायत स्थानीय पुलिस को दी थी, वहीं ग्रामीण भी अपने स्तर पर चोर की सुरागकशी में जुटे हुए थे.

महिलाओं को करता था अश्लील कॉल और कोर्ट मैरिज का झांसा

मोबाइलों को चुराने के बाद चोर ने एक बड़ी बेवकूफी कर दी. वह चोरी किए गए एंड्रॉयड फोन में मौजूद बस्ती की महिलाओं के नंबर निकालकर उन्हें लगातार कॉल करने लगा. आरोपी महिलाओं से अशोभनीय और अश्लील बातें करता था और उन्हें कोर्ट मैरिज करने का झांसा देकर मिलने के लिए बुलाता था. उसकी इन हरकतों से परेशान होकर महिलाओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसे सबक सिखाने का प्लान बनाया.

जाल बिछाकर बुलाया, फिर आम के पेड़ से बांधा

रणनीति के तहत कुछ महिलाओं ने फोन पर मीठी बातें कर आरोपी चोर को मिलने के लिए एक निर्धारित स्थान पर राजी कर लिया. चोर जैसे ही महिलाओं से मिलने के लिए गांव पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे ग्रामीणों और महिलाओं ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. गुस्साए ग्रामीणों ने उसे बस्ती के पास एक बगीचे में ले जाकर हाथ पीछे बांधे और आम के पेड़ से लटका दिया. इस दौरान आरोपी अपनी गलती मानते हुए रोने लगा और पुलिस को न सौंपने की गुहार लगाता रहा.

डायल112 मौके पर, आरोपी ने कबूली कई चोरियां

बगीचे में चोर को बांधे जाने की सूचना मिलते ही यूपी डायल112 और रेवतीपुर थाने की पुलिस टीम उपनिरीक्षक बृजभूषण दूबे के नेतृत्व में मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बृजेश कुमार राम बताया, जो पटकनियां का रहने वाला है. उसके पास से चोरी का कीपैड मोबाइल भी बरामद हुआ है. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने इलाके में मोबाइल चोरी की कई अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात भी कबूल की है.

बनवासी समाज के जिला मंत्री राजू बनवासी ने बताया कि आरोपी की हरकतों से पूरी बस्ती परेशान थी और ग्रामीणों की सतर्कता के कारण ही इस शातिर अपराधी को पकड़ा जा सका है.