ज्वैलरी शाप में सेंध लगाने वाले छह बदमाश गिरफ्तार

ज्वैलरी शाप में सेंध लगाने वाले छह बदमाश गिरफ्तार
ज्वैलरी शाप में सेंध लगाने वाले छह बदमाश गिरफ्तार

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: गोमतीनगर विस्तार में ज्वैलरी की दुकान का शटर तोड़कर लाखों के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा पुलिस ने कर दिया। इस गिरोह के छह सदस्यों को वारदात के चार दिन बाद दबोच लिया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोनेचांदी के जेवर, सात एंड्रायड मोबाइल, नकदी और घटना में इस्तेमाल हुआ ईरिक्शा बरामद किया गया है।

एडीसीपी अमोल मुरकुट के मुताबिक, गीतापुरी चौराहा, खरगापुर स्थित वेंकटेश ज्वैलर्स के संचालक शैलेन्द्र सोनी ने 14 जुलाई को दुकान का शटर तोड़कर सोनेचांदी के जेवर चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों और पुराने चोरों से पूछताछ की। जांच के दौरान छह आरोपियों की पहचान हुई। गिरफ्तार आरोपियों में बाघामऊ निवासी धीरज यादव, बिहार के छपरा निवासी नीरज कुमार चौधरी, सीतापुर के सचिन राज, सर्वेश राज और धर्मेंद्र निषाद व आगरा निवासी सुमित सिंह शामिल हैं। पुलिस ने सभी को गुरुवार सुबह बंधा रोड स्थित शालीमार अपार्टमेंट के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के कब्जे से चांदी के जग, लोटा, गिलास, प्लेट, पूजा सामग्री, अंगूठियां, बालियां, नोजपिन, मंगलसूत्र, पायल, करधनी और अन्य कीमती आभूषण बरामद हुए हैं। इसके अलावा सात मोबाइल फोन, नकद और घटना में इस्तेमाल किया गया ईरिक्शा भी जब्त किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपितों ने पहले दुकान की रेकी की थी। देर रात दुकान बंद होने के बाद शटर तोड़कर अंदर घुसे और जेवरात समेटकर फरार हो गए। गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी और चोरी की संपत्ति रखने की धाराएं बढ़ाते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *