Quick Samachar: उत्तर प्रदेश की राजधानी के पुरनिया इलाके में रविवार को एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया. तीन मंजिला एक बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई. आग लगते ही बिल्डिंग धुएं के गुबार में घिर गई और पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. चारों ओर चीखपुकार और लोगों की मदद के लिए गुहार सुनाई देती रही. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.

‘कोई मेरे बेटे को बचा लो…’ लखनऊ अग्निकांड में मां की चीखों ने रुला दिया, आग की लपटों में गिरा था युवक​

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका. घटना के दौरान एक मां अपने बच्चे को बचाने के लिए लगातार गुहार लगाती रही. उसकी दर्दभरी आवाज “कोई मेरे बच्चे को बचा लो, कोई मेरे बच्चे को अस्पताल ले जाओ” ने मौके पर मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया. रेस्क्यू टीम ने कई लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग और धुएं की वजह से बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा.

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद इमारत में चल रही गतिविधियों को लेकर भी अलगअलग दावे सामने आए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत की ऊपरी मंजिलों पर कोचिंग सेंटर, कंप्यूटर इंस्टीट्यूट और लाइब्रेरी संचालित हो रही थी. हालांकि प्रशासन ने इन दावों से इनकार किया है. अधिकारियों के अनुसार, भवन में एक गेमिंग जोन संचालित किया जा रहा था, जबकि पहले फ्लोर पर एक पेट शॉप थी. प्रशासन का कहना है कि इमारत में किस प्रकार की गतिविधियां चल रही थीं और आग लगने के वास्तविक कारण क्या थे, इसकी विस्तृत जांच कराई जा रही है.

दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुलिस ने घटना वाले इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है. मृतकों की पहचान करने और घायलों का इलाज जारी है. जांच में जुटी टीमें आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं.

अब तक 14 लोगों की मौत

प्रशासन ने कहा कि घटना के हर पहलू की गहन जांच होगी. यदि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे शहर में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल है और लोग मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.