Quick Samachar: UP Bijnor Crime News: यूपी के बिजनौर में कोतवाली में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने कोतवाली में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया। इस घटना में युवती करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई है।

UP: कार्रवाई न होने से परेशान दुष्कर्म पीड़िता ने कोतवाली में खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 60 प्रतिशत झुलसी, SP ने TI को किया सस्पेंड​

रविवार रात की घटना 

आपको बता दें घटना रविवार रात करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पीड़िता एमएससी पास होने के साथसाथ रेसलर भी है। उसने स्वाहेड़ी निवासी सौरभ पुत्र संजू उर्फ संजय, जो सेना में कार्यरत है, पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। बताया जाता है कि करीब तीन वर्ष पूर्व दोनों की मुलाकात सरस्वती विद्या मंदिर में हुई थी। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर संबंध बनाए, लेकिन बाद में विवाह से इनकार कर दिया।

पीड़िता लंबे समय से न्याय की मांग को लेकर पुलिस के चक्कर लगा रही थी। रविवार दोपहर से ही वह शहर कोतवाली में मौजूद थी। आरोप है कि देर रात तक कार्रवाई न होने से आक्रोशित होकर वह कोतवाली के कमरे में पहुंची और खुद को आग के हवाले कर दिया। घटना में कमरे के पर्दे भी जल गए।

पुलिस ने ली जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरातफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा तथा एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह तत्काल शहर कोतवाली पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

क्या कहना है पुलिस का 

पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि युवती द्वारा पहले सौरभ के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन जांच में पर्याप्त साक्ष्य न मिलने के कारण उस मामले में अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई थी। 

इसके बाद युवती ने दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें पुलिस न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। एसपी के अनुसार आरोपी युवक सेना में कार्यरत है और उसे उच्च न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश प्राप्त है।

मेरठ में चल रहा इलाज 

फिलहाल युवती का उपचार मेरठ में चल रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और पीड़िता को समय पर न्याय न मिलने के सवाल भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि घटना अत्यंत गंभीर है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह को जांच सौंपी गई है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट  12 घंटे में प्रस्तुत की जाए। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी सस्पेंड 

जांच कमेटी की रिपोर्ट सौंपने के बाद एसपी अभिषेक झा ने थाना प्रभारी अमर सिंह राठौर को निलंबित कर दिया है।