
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के बाजारगांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। डॉ. भीमराव आंबेडकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित एक छोटे तालाब में फंसे चीतल पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से चीतल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों की कोशिश भी नहीं बचा सकी चीतल की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चीतल काफी देर तक तालाब में फंसा रहा। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह चीतल को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। इलाज की व्यवस्था होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर ग्रामीणों ने जताई चिंता
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और दुख का माहौल है। उनका कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे न केवल वन्यजीव बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
रेंजर आलोक बोले.. मामले में वन रक्षक से करिए बात
मामले में जब रेंजर आलोक तिवारी से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जानकारी वन रक्षक जयराम यादव से प्राप्त की जा सकती है।