उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में एक बेटे ने अपनी मां और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदूपुर गांव की है. युवक ने दोनों पर कुल्हाड़ी से हमला किया था. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिजन और स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान भूपेंद्र पटेल के रूप में हुई है. उसकी बड़ी बहन गौरा देवी का अपने भाई के साथ जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. गौरा देवी मायके में ही रहती थीं. जमीन के बंटवारे और उससे जुड़े मामलों को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होने की बात सामने आई है.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम गौरा देवी ने भूपेंद्र से खेत से उड़द की फसल लाने के लिए सगड़ी ले जाने को कहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद भूपेंद्र ने कुल्हाड़ी से अपनी बहन पर हमला कर दिया.
बेटी को बचाने पहुंची मां पर भी हमला
बहन पर हमला होते देखकर उसकी मां उसे बचाने के लिए दौड़ीं. आरोप है कि भूपेंद्र ने अपनी मां पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया. हमले में मां और बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं. घटना के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई.
आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शवों के पास मिला आरोपी
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी कथित तौर पर अपनी मां और बहन के शवों के पास बैठा मिला. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ASP ने क्या बताया?
जौनपुर के अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदूपुर गांव में पारिवारिक विवाद में भूपेंद्र पटेल द्वारा अपनी मां और बहन को धारदार वस्तु से घायल किए जाने की सूचना मिली थी. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. ASP के मुताबिक, आरोपी को हिरासत में लिया गया है और घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है.