
कानपुर, अमृत विचार। पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में शनिवार को भारत की जनवादी नौजवान सभा की ओर से नाना राव पार्क में प्रस्तावित भूख हड़ताल और प्रदर्शन को लेकर शहर में दिनभर राजनीतिक हलचल रही। प्रदर्शन की घोषणा से पहले ही पुलिस ने संगठन के कई पदाधिकारियों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में समर्थक नाना राव पार्क पहुंचे और धरनाप्रदर्शन किया।
भूख हड़ताल से पहले पुलिस ने की कार्रवाई
भारत की जनवादी नौजवान सभा ने शनिवार सुबह से रात 8 बजे तक नाना राव पार्क में भूख हड़ताल का ऐलान किया था। संगठन का कहना है कि दिल्ली के जंतरमंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक के समर्थन में यह कार्यक्रम रखा गया था। प्रदर्शन से पहले पुलिस ने जिला महामंत्री चमन खन्ना, हरीनारायण बौद्ध, अमित नागवंशी और ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेस फेडरेशन के सोम पाल समेत कई कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया।
नाना राव पार्क में जुटे समर्थक, पुलिस से नोकझोंक
पुलिस कार्रवाई के बावजूद बड़ी संख्या में समर्थक नाना राव पार्क पहुंचे और धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे सोनम वांगचुक के समर्थन में भूख हड़ताल जारी रखेंगे और रविवार को भी आंदोलन करेंगे। चूंकि प्रशासन ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, इसलिए पूरे नाना राव पार्क क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पार्क से हटाया तो वे गांधी प्रतिमा गेट पर धरने पर बैठ गए।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसीपी कोतवाली को सौंपा। इस दौरान विवेक पाला, प्रतिभा अटल पाल, विनोद पांडेय, श्रीकांत पाल, गोविंद नारायण, रामपाल नागवंशी, राजेश पाल, हाजी सलीस, अमित केसरवानी, उमाकांत, शिवकुमार और राजकुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जंतरमंतर कार्रवाई के विरोध में अलग प्रदर्शन
उधर, दिल्ली के जंतरमंतर से सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा हटाकर सफदरजंग अस्पताल ले जाने के विरोध में लेबर लॉ रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने भी प्रदर्शन किया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। प्रदर्शन में असित कुमार सिंह, एस.ए.एम. जैदी, गौरव दीक्षित, उमेश शुक्ला, राम नरेश अवस्थी, आर.पी. श्रीवास्तव, ओ.पी. रावत, लाल साहब सिंह, रामप्रकाश राय, मोहम्मद वसी, एस.एन. सिंह, के.जी.एन. खरे, ओ.पी. गुप्ता, अशोक तिवारी, रफीक और तुलसीराम सहित कई लोग शामिल रहे।