मां मंदिर में पूजा की तैयारी करती रही, मन्नू को कुत्तों के झुंड ने नोंचा, चली गई जान​​

मां मंदिर में पूजा की तैयारी करती रही, मन्नू को कुत्तों के झुंड ने नोंचा, चली गई जान​​
Featured Image

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से हैरान कर देने वाला मामले सामने आया है। आवारा कुत्तों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद से लोगों में गुस्सा है। कुत्तों को लेकर अब लोगों में डर का माहौल भी है।

मां के साथ मंदिर गया था मन्नू

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली घटना बुधवार को बेहट क्षेत्र में हुई, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने मन्नू नामक 12 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह नोंच डाला। इसके कारण उसकी मौत हो गई। बेहट थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि मन्नू अपनी मां राजवती के साथ मंदिर गया था। जब उसकी मां पूजा की तैयारी में व्यस्त थीं, तभी वह कुछ दूर चला गया।

कुत्तों ने चेहरे और गर्दन पर काटा

इसी दौरान चार आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि कुत्तों ने मन्नू के चेहरे और गर्दन पर बुरी तरह काट लिया। बच्चे की मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर बच्चे को उनके चंगुल से बचाया।

परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

इसके बाद उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बच्चे के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।

दूसरी घटना में एक और बच्चे को कुत्तों ने काटा

वहीं, मंगलवार शाम आवारा कुत्तों के हमले की एक अन्य घटना में चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, चिलकाना थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर कस्बे के कोठीवाला इलाके में चार वर्षीय शादान अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

चिलकाना थाने के प्रभारी निरीक्षक अक्षय शर्मा ने बताया कि हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रारंभिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

आवारा कुत्तों के हमलों से लोग परेशान

आवारा कुत्तों के हमले की लगातार हुई इन दोनों घटनाओं से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रिहायशी इलाकों में घूमने वाले आवारा कुत्तों के झुंड बच्चों और अन्य लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *