देहरादून में दिनदहाड़े महिला के अपहरण की कोशिश, शोर मचाया तो भागे बदमाश… CCTV में कैद वारदात​

देहरादून में दिनदहाड़े महिला के अपहरण की कोशिश, शोर मचाया तो भागे बदमाश… CCTV में कैद वारदात​

Dehradun Crime News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस सामने आया है. रायपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला के अपहरण की कोशिश की गई. इस पूरी वारदात का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार सवार युवक राह चलती महिला को रोककर उसे जबरन गाड़ी में खींचने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं. महिला की सूझबूझ और चीखपुकार के बाद आरोपी अपनी योजना में नाकाम रहे और मौके से फरार हो गए.

घटना रायपुर थाना क्षेत्र के व्यस्त सहस्त्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास की है. जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे महिला अपनी बेटी को स्कूल बस में छोड़कर स्कूटी से वापस अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान एक काले रंग की स्विफ्ट कार में सवार दो युवकों ने उसका पीछा किया और गाड़ी उसके आगे लगाकर रास्ता रोक लिया.

CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कार रुकते ही उसमें से युवक नीचे उतरते हैं और जबरन महिला को पकड़कर कार की तरफ खींचने लगते हैं. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का डटकर विरोध किया और जोरजोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. महिला की चीखपुकार सुनकर जैसे ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, पकड़े जाने के डर से आरोपी तुरंत कार में सवार होकर तेजी से फरार हो गए.

महिला ने दर्ज कराया मुकदमा, रायपुर पुलिस अलर्ट मोड पर

इस खौफनाक घटना के बाद पीड़िता सीधे रायपुर थाने पहुंची और आपबीती सुनाते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर संबंधित आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. घटना के बाद से ही क्षेत्र के निवासियों और महिलाओं में सुरक्षा को लेकर भारी खौफ का माहौल बना हुआ है.

आरोपियों की तलाश में 3 टीमें गठित, सीओ वंदना वर्मा का बयान

मामले की जानकारी देते हुए सीओ रायपुर वंदना वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस आसपास के तमाम CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और गाड़ी के नंबर के आधार पर सुराग जुटाने में लगी है.

सीओ वंदना वर्मा के अनुसार, फिलहाल पुलिस कार सवार दोनों संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है. इसके साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला को रोकने और उसके अपहरण के प्रयास के पीछे आरोपियों का असली मकसद क्या था. पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द ही पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *