
अमरोहा, अमृत विचार। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अमरोहा पुलिस ने जिले में व्यापक यातायात डायवर्जन योजना लागू कर दी है। यह व्यवस्था 28 जुलाई की रात 12 बजे से प्रभावी होगी। इसके तहत बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और हरिद्वार की ओर जाने वाले भारी एवं हल्के व्यावसायिक मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने की अपील की है।
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि अनुसार गजरौला से बछरायूं, धनौरा, चांदपुर होते हुए बिजनौर जाने वाले मार्ग पर ट्रक, डंपर, कैंटर, ट्रैक्टरट्रॉली सहित सभी भारी मालवाहक वाहन तथा पिकअप और छोटा हाथी जैसे हल्के व्यावसायिक वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे सभी वाहनों को गजरौला चौपला और भानपुर फाटक से डायवर्ट कर राष्ट्रीय राजमार्ग9 के रास्ते हापुड़ होकर उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। वहीं, कुमराला चौकी से गजरौलाधनौराचांदपुरबिजनौर मार्ग पर भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसी प्रकार अमरोहा से नौगावां सादात, शिवाला कलां होते हुए बिजनौर जाने वाले मार्ग पर भी सभी भारी और हल्के व्यावसायिक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहनों को अमरोहा बाईपास स्थित रज्जाक बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके बाद वाहन नीम का अड्डा, पंजू सराय तिराहा, गुडलिया रेलवे फाटक, आरटीओ अतरासी मार्ग और अतरासी चौकी से होते हुए एनएच9 के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पुलिस ने मुरादाबाद की ओर से आने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों पर भी रोक लगाई है। उमरी तिराहे से होकर कोठी खिदमतपुर बॉर्डर के रास्ते अमरोहा जनपद में ऐसे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, रात्रि 12 बजे से सुबह 4 बजे तक आकस्मिक सेवाओं से जुड़े अनुमति प्राप्त वाहनों को राहत दी गई है। ऐसे वाहन गजरौला से खादगूजर मार्ग, मलेशिया चौकी और चांदपुरफीना मार्ग के रास्ते बिजनौर जनपद में प्रवेश कर सकेंगे। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित डायवर्जन योजना का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि बिजनौर के लिए डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है। बिजनौर रोड पर जगह जगह पुलिस तैनात रहेगी। नियमो का उल्लंघन करने वालाे पर कार्रवाई की जाएगी।