Ayodhya News: सेना का फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था शख्स, मिलिट्री इंटेलिजेंस और GRP ने रेलवे स्टेशन से दबोचा

Ayodhya News: सेना का फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था शख्स, मिलिट्री इंटेलिजेंस और GRP ने रेलवे स्टेशन से दबोचा
Ayodhya News: सेना का फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था शख्स, मिलिट्री इंटेलिजेंस और GRP ने रेलवे स्टेशन से दबोचा

अयोध्या। मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ की अयोध्या इकाई से मिली सूचना के आधार पर राजकीय रेलवे पुलिस ने अयोध्या रेलवे स्टेशन से सेना का फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पास से सेना से जुड़े कई सामान और दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मिलिट्री इंटेलिजेंस को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि एक व्यक्ति अयोध्या और आसपास के जिलों में सेना की वर्दी पहनकर रेलवे स्टेशन और कैंट क्षेत्र में आताजाता है। वह खुद को कभी आर्टिलरी का अधिकारी तो कभी डोगरा रेजिमेंट में कैंटीन इंचार्ज बताकर लोगों के बीच अपनी पहचान बना रहा था।

तकनीकी जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम ने सूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि की कि संबंधित व्यक्ति भारतीय सेना का अधिकारी नहीं है, बल्कि फर्जी पहचान के साथ सेना की वर्दी और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा है।

इसके बाद सूचना जीआरपी अयोध्या को दी गई। मंगलवार को अयोध्या रेलवे स्टेशन पर सेना की वर्दी पहने मिले व्यक्ति को जीआरपी ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आई असली पहचान

गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास मिले दस्तावेजों में उसका नाम करण यादव, पिता उदय भान सिंह यादव, निवासी गहमर, जिला गाजीपुर दर्ज था। हालांकि, पुलिस की सख्त पूछताछ के दौरान उसने अपनी वास्तविक पहचान सुरेंद्र निषाद, पिता स्वर्गीय शारदा निषाद, निवासी मोहपरिया बलुआ, पकड़ी, जिला चंदौली बताई।

भारी मात्रा में सैन्य सामग्री बरामद

आरोपी के कब्जे से सेना की कई वर्दियां, नेम प्लेट, रिबन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, परिचय पत्र, क्रेडिट कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां बरामद सामान की जांच कर रही हैं तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपी इन वस्तुओं का उपयोग किस उद्देश्य से कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *