Ayodhya Ram Mandir News : राम मंदिर में नियुक्त सीईओ को ट्रस्ट देगा वेतन व अन्य सुविधाएं, ईमेल के जारिए मांगे गए आवेदन

Ayodhya Ram Mandir News : राम मंदिर में नियुक्त सीईओ को ट्रस्ट देगा वेतन व अन्य सुविधाएं, ईमेल के जारिए मांगे गए आवेदन
Ayodhya Ram Mandir News : राम मंदिर में नियुक्त सीईओ को ट्रस्ट देगा वेतन व अन्य सुविधाएं, ईमेल के जारिए मांगे गए आवेदन

अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 18 जुलाई तक ईमेल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवार को आकर्षक वेतन, भत्ते और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

20 वर्ष का अनुभव जरूरी

ट्रस्ट की ओर से जारी पात्रता के अनुसार उम्मीदवार का स्नातक होना अनिवार्य है। प्रशासन या वित्तीय क्षेत्र में कम से कम 20 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। मंदिर प्रबंधन, धार्मिक संस्थानों या बड़े सार्वजनिक ट्रस्टों के संचालन का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही उम्मीदवार हिंदू धर्म का अनुयायी होना चाहिए।

तीन वर्ष के लिए होगी नियुक्ति

सीईओ की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से तीन वर्ष के लिए की जाएगी। कार्य प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर कार्यकाल आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को विस्तृत बायोडाटा, अनुभव प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज ईमेल के माध्यम से भेजने होंगे। चयन प्रक्रिया में साक्षात्कार और पृष्ठभूमि जांच भी शामिल रहेगी।

राम मंदिर प्रशासन की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे CEO

चयनित सीईओ को अयोध्या में पूर्णकालिक रूप से रहना होगा। उनके जिम्मे राम मंदिर के दैनिक प्रशासन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव, वित्तीय प्रबंधन, धार्मिक आयोजनों और ट्रस्ट की संपत्तियों के संचालन की जिम्मेदारी होगी।

तीन सदस्यीय समिति करेगी चयन

बताया गया कि 6 जुलाई को हुई श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में सीईओ चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत और सुरेश हावड़े शामिल हैं। समिति साक्षात्कार के बाद तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपेगी। इसके बाद 22 जुलाई को प्रस्तावित ट्रस्ट बैठक में नए सीईओ के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *