
बाराबंकी, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के बुधवार को जनपद में प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर क्षेत्रीय अध्यक्ष तथा प्रदेश पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने जिला कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों की तरह केवल चुनाव जीतने की मशीन नहीं है, बल्कि देश के सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना और राष्ट्र निर्माण का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता हैं, जो पद के लिए नहीं बल्कि समाज सेवा के उद्देश्य से संगठन से जुड़ते हैं।
उन्होंने जिला कार्यसमिति में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प दिलाते हुए कहा कि भाजपा में कोई व्यक्ति बड़ा नहीं होता, बल्कि विचारधारा और कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए दल से बड़ा देश है और यही भावना भाजपा को अन्य दलों से अलग पहचान दिलाती है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा एवं एमएलसी चुनाव निकट हैं, इसलिए अभी से पूरी तैयारी के साथ जुटना होगा।
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने जनपद की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरीब कल्याणकारी योजनाओं को जनजन तक पहुंचाने पर बल दिया।
प्रदेश पदाधिकारियों का भी हुआ सम्मान
प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलते हुए भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत के प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत के प्रदेश महामंत्री तथा पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव के प्रदेश मंत्री बनाए जाने पर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ अलग बैठक कर पार्टी के विभिन्न अभियानों की समीक्षा की और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं एबीवीपी की जिला टोली के साथ सांगठनिक विषयों पर भी चर्चा की। इस मौके पर जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राहुल राज, एमएलसी एवं जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एससीएसटी आयोग के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ रावत, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, शरद अवस्थी, हरगोविंद सिंह, संतोष सिंह, शशांक कुसुमेश, अरविंद मौर्य, राम कुमारी मौर्य, विजय आनंद बाजपेई, पवन सिंह रिंकू, ब्रजेश रावत, नवीन सिंह राठौर सहित सभी ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।