Barabanki News: घंटों की बारिश में खुली सफाई व्यवस्था की पोल, चोक हुआ जमुरिया नाला; करंट लगने से किशोर की मौत

Barabanki News: घंटों की बारिश में खुली सफाई व्यवस्था की पोल, चोक हुआ जमुरिया नाला; करंट लगने से किशोर की मौत
Barabanki News: घंटों की बारिश में खुली सफाई व्यवस्था की पोल, चोक हुआ जमुरिया नाला; करंट लगने से किशोर की मौत

बाराबंकी, अमृत विचार। शुक्रवार सुबह कई घंटे हुई बारिश ने शहर की साफ सफाई की कलई खोल कर रख दी। एक ओर आधे शहर को जलमग्न कर चुकाजमुरिया नाला जोरदार बारिश की दशा में फिर तबाही मचाने को आतुर है। तो दूसरी ओर बारिश के बाद उफनाईं नालियां व नाले सफाई के दावों को ठेंगा दिखाते नजर आए। शहरवासी कीचड़ युक्त मार्गाें पर चलने को विवश हुए।  

भीषण गंदगी, उफनाती नालियां, सिल्ट से पटे नालों, जगह जगह कूड़े के ढेर से उठती बदबू के साम्राज्य से मुक्ति दिलाने में वैसे ही नगर पालिका परिषद नाकाम रही, उस पर रही सही कसर बारिश ने पूरी कर दी। हर साल आमजन की परीक्षा लेती आई बारिश ने आखिरकार शुरुआत कर ही दी।

शुक्रवार की भोर से ही होने लगी बरसात ने घंटों रुकने का नाम नहीं लिया। इस बीच शहर के कई वार्डों में नालियों का पानी मार्गाें पर बहा, गहराई तक सिल्ट जमा होने से नाले उफना गए। जगह जगह कीचड़ हो जाने से लोगों को बचकर निकलना पड़ा। वहीं तमाम जगहों पर जलभराव भी हो गया। हर साल बारिश के दौरान यह सितम शहरवासियों का नसीब बन गया है।

उस पर एक बार नहीं बल्कि कई बार आधे शहर की आबादी को पलायन के लिए मजबूर कर चुके जमुरिया नाला में इस कदर जलकुंभी जमी है कि शुक्रवार को यंग स्ट्रीम स्कूल के पास उफनाया पानी लोगों के घरों की ओर बढ़ चला। बारिश से बिगड़ने वाले हालात से बेखबर नगर पालिका परिषद प्रशासन स्वच्छ शहर का तमगा हासिल करने की फिराक में है।  

बारिश के बीच करंट से किशोर की मौत 

रामसनेहीघाट : शुक्रवार को बारिश के दौरान घर के बाहर खेल रहा किशोर घर तक आई विद्युत आपूर्ति केबिल से उतरे करंट की चपेट में आकर जान गवां बैठा। सीएचसी में चिकित्सकों ने उसे मृत घाेषित कर दिया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के पूरे अहिरन मजरे सकोली गांव निवासी धारानाथ यादव का पुत्र शिवांश यादव शुक्रवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था।

इस दौरान बारिश भी हो रही थी। विद्युत खंभे से घर तक आई केबिल जर्जर और काफी नीचे थे। बारिश के चलते केबिल पानी में भीग गई थी। इसी दौरान शिवांश इसी केबिल में उतर रहे करंट की चपेट में आ गया। केबिल सहित वह जमीन पर गिर कर तड़पने लगा। परिजन व आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़े। लाठी से केबिल को उससे अलग किया और किशोर को सीएचसी रामसनेहीघाट ले गए। वहां डाक्टर ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *