Barabanki News : पहली ही बारिश में खुली पोल, बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर जलभराव से यात्री बेहाल, जीएम की फटकार भी बेअसर

Barabanki News : पहली ही बारिश में खुली पोल, बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर जलभराव से यात्री बेहाल, जीएम की फटकार भी बेअसर
Barabanki News : पहली ही बारिश में खुली पोल, बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर जलभराव से यात्री बेहाल, जीएम की फटकार भी बेअसर

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य के बीच पहली ही बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। स्टेशन परिसर, टिकटघर और अंदर जाने वाले रास्तों पर जलभराव होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण स्थल पर फैले मलबे और कीचड़ ने हालात को और बदतर बना दिया है।

कुछ दिन पहले रेलवे के जीएम ने स्टेशन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई थी और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे। लेकिन बारिश शुरू होते ही साफ हो गया कि जीएम के निर्देशों का जमीनी स्तर पर कोई असर नहीं हुआ।

निर्माण कार्य के चलते स्टेशन का मुख्य प्रवेश मार्ग पहले से ही प्रभावित है। यात्रियों के लिए बनाए गए वैकल्पिक रास्ते पर भी बारिश का पानी भर जाने से आवाजाही मुश्किल हो गई है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को उठानी पड़ रही है। अयोध्या से व्हीलचेयर पर पहुंची एक महिला यात्री स्टेशन की बदहाल व्यवस्था देखकर भावुक हो गईं, जबकि उनके बेटे ने भी अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई।

निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि काम प्रगति पर होने के कारण फिलहाल यह स्थिति बनी हुई है। वहीं यात्रियों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन इसके साथ सुरक्षित, सुगम और जलभराव मुक्त वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। बाराबंकी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प भले ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा हो, लेकिन पहली ही बारिश ने विकास कार्यों की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की इस परेशानी का स्थायी समाधान कब तक कर पाता है।

ये भी पढ़ें :  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *