Barabanki News : बाराबंकी की बाल वैज्ञानिक पूजा, पिता पुत्ती लाल और शिक्षक राजीव होंगे सम्मानित, बैंक ऑफ बड़ौदा करेगा सम्मान

Barabanki News : बाराबंकी की बाल वैज्ञानिक पूजा, पिता पुत्ती लाल और शिक्षक राजीव होंगे सम्मानित, बैंक ऑफ बड़ौदा करेगा सम्मान
Barabanki News : बाराबंकी की बाल वैज्ञानिक पूजा, पिता पुत्ती लाल और शिक्षक राजीव होंगे सम्मानित, बैंक ऑफ बड़ौदा करेगा सम्मान

बाराबंकी, अमृत विचार। बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर धूलरहित थ्रेशर मॉडल बनाने वाली छात्रा पूजा, गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव तथा पूजा के पिता पुत्ती लाल को अखिल भारतीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के कॉरपोरेट ऑफिस मुंबई में आगामी 20 जुलाई को आयोजित सम्मान समारोह में तीनों को आमंत्रित किया गया है।

इस सम्मान के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की टिकैतनगर शाखा के शाखा प्रबंधक बिजय कुमार सिन्हा ने अनुमोदन किया था। इससे पहले भी छात्रा पूजा को बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। शाखा प्रबंधक बिजय कुमार सिन्हा ने छात्रा पूजा को विभिन्न अवसरों पर आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

संघर्ष से राष्ट्रीय पहचान तक का सफर

जनपद की तहसील सिरौली गौसपुर तहसील क्षेत्र के डलई पुरवा गांव की निवासी पूजा पाल को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार2025 से सम्मानित किया जा चुका है। यह प्रतिष्ठित सम्मान 26 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया था। पूजा की वैज्ञानिक यात्रा इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता से शुरू हुई। उस समय वह उच्च प्राथमिक विद्यालय अगेहरा में कक्षा आठ की छात्रा थीं। उन्होंने भूसाधूल पृथक्करण यंत्र तैयार किया, जिसे उनके गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव ने पहचानते हुए लगातार मार्गदर्शन दिया।

जिला, मंडल और राज्य स्तर पर सफलता हासिल करने के बाद पूजा ने राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जहां उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। जनवरी 2024 में आयोजित आईआरआईएस नेशनल फेयर में भी उन्हें देशभर के चयनित 100 प्रतिभागियों में स्थान मिला।

दिहाड़ी मजदूर पुत्ती लाल तथा प्राथमिक विद्यालय अगेहरा में दो हजार रुपये मानदेय पर कार्यरत रसोईया सुनीला की पुत्री पूजा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय पहचान बनाई है। गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि पूजा की मेहनत और लगन को अब बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जिससे पूजा, उसका परिवार और हम सभी काफी गदगद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *