Barabanki News : लखनऊमहमूदाबाद मार्ग पर रोडवेज बस और गैस सिलेंडर लदे ट्रक की जोरदार भिड़ंत, कई घायल

Barabanki News : लखनऊमहमूदाबाद मार्ग पर रोडवेज बस और गैस सिलेंडर लदे ट्रक की जोरदार भिड़ंत, कई घायल

बाराबंकी, अमृत विचार। कुर्सी थाना क्षेत्र के निंदूरा कस्बे के पास सोमवार सुबह करीब आठ बजे लखनऊमहमूदाबाद संपर्क मार्ग पर रोडवेज बस और भारत पेट्रोलियम के गैस सिलेंडर लदे ट्रक की आमनेसामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार और अफरातफरी मच गई। दुर्घटना में बस और ट्रक के चालक समेत कई लोग चोटिल हुए। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

बताया गया कि रोडवेज बस महमूदाबाद, जिला सीतापुर से करीब 25 से 30 यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। निंदूरा कस्बे के पास सामने से लखनऊ की ओर आ रहे भारत पेट्रोलियम के गैस सिलेंडर लदे ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ करीब 10 से 12 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। इनमें 108 सेवा की एंबुलेंस के अलावा कुछ निजी एंबुलेंस भी शामिल थीं। पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर ले जाया गया।

सीएचसी अधीक्षक आरपी वर्मा के मुताबिक, तीन लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें उपचार दिया गया। वहीं, कुछ घायलों को उनके परिजन बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल भी ले गए। हादसे में रोडवेज बस चालक नंद किशोर और गैस सिलेंडर लदे ट्रक चालक सुनील को भी चोटें आई हैं। चौकी इंचार्ज ओदार अभिषेक राय ने बताया कि बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे।

दोनों वाहनों की भिड़ंत के बाद मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई की, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय दोनों वाहन आमनेसामने आने के बाद टकराए। हादसे की वजह क्या रही, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल राहत की बात यह है कि गैस सिलेंडर से लदे ट्रक की भिड़ंत के बावजूद किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

ये भी पढ़े : 
ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *