Barabanki News : शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले गाय को राष्ट्रमाता घोषित करे जो दल, समर्थन उसी को मिलेगा

Barabanki News : शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले गाय को राष्ट्रमाता घोषित करे जो दल, समर्थन उसी को मिलेगा
Barabanki News : शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले गाय को राष्ट्रमाता घोषित करे जो दल, समर्थन उसी को मिलेगा

हैदरगढ़/रामसनेहीघाट, बाराबंकी, अमृत विचार। ज्योतिषपीठाधीश्वर एवं द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार को गोरक्षा संकल्प यात्रा के तहत हैदरगढ़ और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गोरक्षा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि जो लोग गाय को माता कहकर सत्ता में आए, वही आज उसे केवल पशु कह रहे हैं। ऐसे लोगों को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि उनका अभियान गाय को राष्ट्रमाता घोषित कराने के लिए है और जो राजनीतिक दल यह घोषणा करेगा, उनका समर्थन उसी दल को मिलेगा। हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गोतौना गांव में सपा नेता गौतम रावत के आवास पर आयोजित सभा में शंकराचार्य ने लोगों से गौरक्षा का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि गाय केवल पशु नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक पहचान है। वेदों और पुराणों में भी गौमाता के महत्व का वर्णन है और उसकी रक्षा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि गाय को माता मानने और उसकी रक्षा करने में ही समाज व विश्व का कल्याण निहित है।

हैदरगढ़ में हुआ भव्य स्वागत

इससे पहले हैदरगढ़ कस्बे के मुख्य चौराहे पर सांसद तनुज पुनिया, पूर्व विधायक राममगन रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आशुतोष अवस्थी ‘टिंकू’, कांग्रेस नेत्री श्रुति अवस्थी, पप्पू सिद्दीकी, राजकुमार सिंह, सूरज दीक्षित, अय्यूब कुरैशी, बद्री प्रसाद साहू, उमेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत कर आरती उतारी।

दरियाबाद में भी श्रद्धालुओं ने किया अभिनंदन

दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के देवीगंज चौराहे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह गोप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद भिटरिया स्थित छोटी हनुमानगढ़ी मंदिर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अब्दुल्लाह शेर खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने की।

इस अवसर पर मनीष रावत, आलोक श्रीवास्तव, भानू वर्मा, भस्मा प्रसाद मिश्र, मिथिलेश गौतम, सुरेन्द्र सिंह, विनय मिश्रा, अकील अहमद, नीरज मिश्रा, अजय शुक्ला, विकास वर्मा, पन्ना लाल वर्मा, फतेह बहादुर वर्मा, शरीफ इदरीसी, राम फेर रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा इसके बाद जनपद के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *