Bareilly News : जीआरएम स्कूल की बाउंड्रीवॉल पर चला निगम का बुलडोजर

Bareilly News : जीआरएम स्कूल की बाउंड्रीवॉल पर चला निगम का बुलडोजर
Bareilly News : जीआरएम स्कूल की बाउंड्रीवॉल पर चला निगम का बुलडोजर

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली सीएम ग्रिड योजना में कोहाड़ापीरकुदेशिया रोड के चौड़ीकरण की राह में बाधा बन रहे प्रतिष्ठित जीआरएम स्कूल के मुख्य गेट और बाउंड्रीवॉल के करीब 15 फीट हिस्से को नगर निगम ने सोमवार को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। स्वत: निर्माण हटाने के लिए निगम ने पूर्व में स्कूल प्रबंधन को भी नोटिस जारी किए थे। अफसरों का कहना है कि निर्माण नहीं हटाने पर यह कार्रवाई की गई है। सर्वे में नैनीताल रोड पर सरकारी जमीन दबाकर कई अन्य निर्माण होने की भी पुष्टि हुई है, जहां जल्द ही ऐसा ही एक्शन देखने को मिल सकता है।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि स्कूल की बाउंड्रीवॉल सीधे तौर पर अतिक्रमण की श्रेणी में आ रही थी। इसकी वजह से महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्य में विलंब हो रहा था। निर्माण विभाग ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने और अपनी निजी भूमि पर नई दीवार बनाने के लिए पर्याप्त समय दिया था। दूसरा नोटिस भी भेजा गया और निर्माण विभाग के अभियंता ने फोन पर भी वार्ता की थी। इसके बाद भी प्रबंधन की ओर से कदम नहीं उठाया गया।

नगर आयुक्त के अनुसार, सोमवार को टीम ने कार्रवाई की, ताकि सड़क निर्माण का कार्य सुचारू रूप से कराया जा सके। इस दौरान दौरान निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश शाक्य, अवर अभियंता वीर प्रताप पटेल, विकास साहू और प्रवर्तन दल की टीम मौजूद रही।

सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालय में दो दिन पढ़ाई स्थगित
बरेली। नगर निगम की ओर से जीआरएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बाउंड्रीवॉल ढहाए जाने के बाद बच्चों की सुरक्षा कारणों से प्रबंधन ने बड़ा फैसला लिया है। कक्षा 4 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 14 और 15 जुलाई को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। साफ किया गया है कि द्वितीय बोर्ड वाले छात्रों की पीटी1 परीक्षाएं बिना किसी बदलाव के यथावत जारी रहेंगी। स्कूल के मीडिया प्रभारी रजनीश त्रिवेदी ने यह जानकारी दी है।

स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को कोई असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखते हुए जीआरएम प्रबंधन को पर्याप्त समय दिया था। दो बार नोटिस भेजे गए, व्यक्तिगत रूप से फोन पर भी अतिक्रमण खुद हटाने का आग्रह किया, लेकिन दो महीने से अधिक समय होने पर भी ऐसा नहीं गया। जिसके बाद कार्रवाई की गई है। सीएम ग्रिड मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना है, इसलिए विकास कार्यों में और अधिक विलंब नहीं किया जा सकता था। संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त

पहली बार टीम आने पर हमने केवल अतिक्रमण की जद वाले हिस्से पर निशान लगाने को कहा था, जिस पर ध्यान नहीं दिया गया। हम सहयोग के लिए हमेशा तैयार हैं। अब सीमित दायरे में नया गेट और बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। हमारा अनुरोध है कि ऐसी ही कार्रवाई अन्य चिह्नित अतिक्रमणकारियों पर भी होनी चाहिए, जो सामने वाले साइड में चिह्नित किए गए हैं। राजेश जौली, महाप्रबंधक, जीआरएम स्कूल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *