Bareilly News : शराब के नशे में धुत बेटे ने पत्नी को पीटा, बचाने आए पिता को चाकुओं से गोदा; मौत

Bareilly News : शराब के नशे में धुत बेटे ने पत्नी को पीटा, बचाने आए पिता को चाकुओं से गोदा; मौत
Bareilly News : शराब के नशे में धुत बेटे ने पत्नी को पीटा, बचाने आए पिता को चाकुओं से गोदा; मौत

बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक शराबी बेटे ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। नशे में धुत आरोपी पहले अपनी पत्नी को बुरी तरह पीट रहा था, और जब बुजुर्ग पिता अपनी बहू को बचाने आए, तो गुस्से में आकर बेटे ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

थाना क्षेत्र के गांव तैयतपुर निवासी बाबूराम शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। घर आते ही किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया और उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। घर में चीखपुकार और शोरगुल सुनकर बाबूराम के बुजुर्ग पिता रामदीन कोरी वहां पहुंचे और बीचबचाव कर बेटे को शांत कराने की कोशिश करने लगे।

बीचबचाव करना पिता को पड़ा भारी
पिता का बीच में आना शराबी बेटे बाबूराम को नागवार गुजरा। गुस्से में पागल हुए बाबूराम ने घर में रखा चाकू उठा लिया और अपने पिता रामदीन पर लगातार कई वार कर दिए। चाकू के वार से रामदीन बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। अधिक खून बह जाने के कारण बुजुर्ग पिता ने मौके पर ही तड़पतड़प कर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। मासूम पोती की आंखों के सामने हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पोती हिमांशी ने इस पूरी घटना को अपनी आंखों से देखा। हिमांशी ने बताया “पापा शराब पीकर आए थे और मां को बुरी तरह पीट रहे थे। दादा जब मां को बचाने पहुंचे, तो पापा ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।”

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक रामदीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बाबूराम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *