
बरेली, अमृत विचार। आला हजरत इमाम अहमद रज़ा खां फाजिले बरेलवी का तीन दिवसीय 108वां उर्सएरजवी अगले महीने 6 अगस्त से शुरू होने जा रहा है, जो 8 अगस्त तक चलेगा। उर्स में देशविदेश से आने वाले लाखों जायरीनों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जमात रज़ाएमुस्तफा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बरेली डीआरएम वीणा सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उर्स के दौरान स्पेशल ट्रेनें चलाने और जंक्शन पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
उर्स की सभी रस्में काज़ीएहिंदुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रज़ा खां कादरी की सरपरस्ती में अदा की जाएंगी। दरगाह से लेकर उर्स स्थल तक तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
डीआरएम के सामने रखी गईं ये प्रमुख मांगें:
दरगाह आला हजरत के संगठन जमात रज़ाएमुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान मियां की ओर से, उर्स कोर कमेटी के प्रशासनिक अधिकारी डॉक्टर मेहंदी हसन के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल रेलवे अधिकारियों से मिला।
उर्स स्पेशल ट्रेनें: मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, सूरत, इंदौर, भोपाल, नागपुर, कोलकाता, पटना और बेंगलुरु सहित कई बड़े शहरों से उर्स स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाए।
अतिरिक्त सुरक्षा बल: बरेली जंक्शन और ट्रेनों के अंदर आरएएफ व जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती की जाए।
यात्री सुविधाएं: प्लेटफॉर्म पर ठंडा पीने का पानी, अतिरिक्त शौचालय, मेडिकल कैंप और लगातार अनाउंसमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
टिकट काउंटर: भीड़ को देखते हुए जंक्शन पर अस्थायी टिकट काउंटर खोले जाएं।
महिला सुरक्षा: प्रत्येक कोच में सीसीटीवी और इमरजेंसी चेन के पास महिला सुरक्षा कर्मी की तैनाती की जाए।
ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
जमात रज़ा के पूर्व प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि वर्तमान समय में रेल यात्राओं के दौरान सुरक्षा से जुड़े मामलों एवं विभिन्न अप्रिय घटनाओं को देखते हुए जायरीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसलिए रेलवे प्रशासन से विशेष मांग की गई है कि जनरल और स्लीपर कोच में सुरक्षा व्यवस्था अधिक मजबूत की जाए।
डीआरएम की ओर से प्रतिनिधिमंडल को रेलवे प्रशासन की तरफ से हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल में डॉक्टर मेहंदी हसन, समरान खान, यासीन खान, ताबिश, साकिब, हाफ़िज़ इकराम रज़ा खां, मोईन खान, कौसर अली, शमीम अहमद और अब्दुल्लाह रज़ा खां सहित कई लोग उपस्थित रहे।