Budaun News : शहर के मेन बाजार में 3 दुकानों से लाखों की चोरी, CCTV का DVR भी ले उड़े चोर

Budaun News : शहर के मेन बाजार में 3 दुकानों से लाखों की चोरी, CCTV का DVR भी ले उड़े चोर
Budaun News : शहर के मेन बाजार में 3 दुकानों से लाखों की चोरी, CCTV का DVR भी ले उड़े चोर

बदायूं, अमृत विचार। कुछ दिनों से जिले में चोरों का आतंक बढ़ गया है। कस्बा, गांवों के बाद अब शहर के मुख्य बाजार की दुकानों को निशाना बनाया गया। तीन दुकानों से लाखों रुपये की नगदी और सामान चोरी कर ली जबकि तीन दुकानों में चोरी का प्रयास किया गया। चोर एक दुकान के सीसीटीवी का डीवीआर तक उखाड़कर ले गए। व्यापारियों के सुबह प्रतिष्ठान पर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, सीओ सिटी राहुल पांडे ने मौका मुआयना किया। खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।

मुख्य बाजार में घंटाघर चौराहे से एक रास्ता नेहरू चौक की ओर जाता है। जो दिन में सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक है। गुरुवार रात चोरों ने तहसील सदर मार्ग की दुकानों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर दुकानों की छतों के रास्ते से आए और सब्बल से दरवाजे तोडे़। प्रभात नारायण जनरल मर्चेंट के संचालक सौरभ के अनुसार चोर उनकी दुकान से लगभग पांच लाख रुपये नगदी और पांच लाख रुपये का सामान ले गए। उनकी दुकान की छत पर लोहे का सब्बल पड़ा मिला। साथ ही अंकुश गांधी की न्यू गांधी ड्राईफ्रूट्स नाम की दुकान से चोरी की। संचालक अनुसार चोर जीने का गेट तोड़कर भीतर आए थे। पौने दो लाख रुपये और सामान ले गए। सामान का आंकलन किया जा रहा है। चोर उनकी दुकान से एनवीआर निकालकर ले गए। नेहरू चौक स्थित प्रमोद जनरल स्टोर की छत का जंगला तोड़कर चोरी की।

दुकान मालिक यश गुप्ता ने बताया चोर उनकी दुकान से एक लाख रुपये और लगभग 80 ग्राम के सोने के आभूषण आदि चोरी करके ले गए हैं। यह सोना वह गोल्ड लोन के लिए लाए थे। जो दुकान में रख दिया था। इसके अलावा नेहरू चौक पर मोहन ब्रदर्स का एक दरवाजा तोड़ा लेकिन दूसरा दरवाजा न टूट पाने से चोर असफल रहे। वहीं गोविंद राम मुक्ता प्रसाद की घड़ी की दुकान का भी दरवाजा नहीं खुल सका। एक कपड़े की दुकान को भी निशाना बनाने का प्रयास असफल रहा। व्यापारी शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकानों का सामान बिखड़ा पड़ा मिला। रुपये और सामान गायब था।

व्यापारियों की सूचना पर सदर कोतवाली संजय सिंह ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया। व्यापारियों से जानकारी की। घटना के बाद से व्यापारियों में दहशत और रोष है। व्यापारियों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए। कहा कि मेन बाजार और मेन मार्ग पर भी प्रतिष्ठान सुरक्षित नहीं हैं। एसपी सिटी और सीओ सिटी ने भी व्यापारियों से जानकारी की। जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया है। पुलिस ने आसपास की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की है। चर्चा है कि चोरों ने सराफा बाजार की दो दुकानों से भी प्रयास किया था लेकिन व्यापारियों ने शिकायत नहीं की है।

कोतवाली क्षेत्र में तीन दुकानों से चोरी का मामला सामने आया है। खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। सीसीटीवी की फुटेज चेक की जा रही हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी।

ये भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *