Delhi GK-2: संबंध से इनकार पर भड़का पूर्व पार्टनर, बाल खींचे, दी तेजाब फेंकने की धमकी

Delhi GK-2: संबंध से इनकार पर भड़का पूर्व पार्टनर, बाल खींचे, दी तेजाब फेंकने की धमकी
Featured Image

Delhi GK-2 : साउथ दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-2 (GK-2) इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां 22 साल की एक युवती ने अपने पूर्व पार्टनर पर घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट करने, छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. घटना शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है.

पीड़िता की मां की ओर से साउथ जिले के डीसीपी अनंत मित्तल को दी गई शिकायत के अनुसार, दोनों के बीच जुलाई से विवाद चल रहा था. शनिवार रात आरोपी युवक सुलह करने के बहाने तीसरी मंजिल पर स्थित युवती के फ्लैट में दाखिल हुआ.

संबंध बनाने से किया इनकार, तो वॉशरूम में घेरकर पीटा

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब युवती ने शारीरिक संबंध बनाने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी हिंसक हो गया. उसने युवती को जबरन वॉशरूम के अंदर घेरा, उसके बाल खींचे, बुरी तरह पीटा और उसके साथ छेड़खानी की.

युवती ने जब खुद को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया. आरोप है कि फोन में युवती का निजी डेटा था, जिसे आरोपी ने सोशल मीडिया पर लीक करने की धमकी दी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं, मौके से भागने से पहले उसने युवती के चेहरे पर तेजाब फेंकने और जान से मारने की धमकी भी दी.

अस्पताल में मेडिकल जांच, अगली सुबह फिर मिलीं धमकियां

घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम की एक महिला कॉन्स्टेबल ने पीड़िता को मालवीय नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका मेडिकल (MLC) कराया गया.

शिकायत के मुताबिक, आरोपी का खौफ यहीं खत्म नहीं हुआ. रविवार सुबह उसने पीड़िता के परिवार को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर और धमकियां दीं.

परिवार का आरोप- नहीं लिखी गई FIR, पुलिस बोली- जांच जारी

पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस को लिखित शिकायत देने के बाद भी मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की गई.

वहीं, इस मामले पर जब साउथ दिल्ली के डीसीपी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और लगाए गए तमाम आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *