‘DM सर! हमारे घर से स्कूल तक रास्ता बनवा दीजिए, मऊ में CRPF जवान की 2 मासूम बच्चियों ने DM से लगाई गुहार, वीडियो वायरल!​​​

‘DM सर! हमारे घर से स्कूल तक रास्ता बनवा दीजिए, मऊ में CRPF जवान की 2 मासूम बच्चियों ने DM से लगाई गुहार, वीडियो वायरल!​​​
Featured Image

DM सर, हमारे घर से स्कूल तक रास्ता बनवा दीजिए, मऊ में CRPF जवान की 2 मासूम बच्चियों ने DM से लगाई गुहार, Video वायरल

Mau Latest News: मऊ में दो छोटी बच्चियों की मासूम अपील वाला वीडियो सामने आया है.जिसमें दोनों बच्चियां ने सीधे जिलाधिकारी से कह रही हैं- ‘डीएम सर, हमारे घर से स्कूल तक रास्ता बनवा दीजिए.’ बारिश होते ही उनके घर के पास रास्ते पर पानी और कीचड़ भर जाता है. स्कूल जाने के दौरान कई बार बच्चियां फिसलकर गिर जाती हैं. उनके पिता CRPF में तैनात हैं और इस समय छत्तीसगढ़ के सुकमा में ड्यूटी कर रहे हैं.

वीडियो बनाकर डीएम से मांगी मदद

मामला मऊ नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर सात की विवेकानंद कॉलोनी का बताया जा रहा है. यहां रहने वाले अमित सिंह CRPF में तैनात हैं. उनकी बेटियां 8 साल की काव्या और 4 साल की तृषा ने वीडियो बनाकर जिलाधिकारी से अपनी परेशानी बताई है. बच्चियों का कहना है कि पापा ड्यूटी के चलते घर से दूर रहते हैं. ऐसे में वह रोज उन्हें स्कूल छोड़ने और लेने नहीं आ सकते. बारिश के दिनों में रास्ते की हालत इतनी खराब हो जाती है कि स्कूल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है.

पानी और कीचड़ से भरे रास्ते पर गिर जाती हैं बच्चियां

काव्या और तृषा ने बताया कि बारिश होते ही घर के पास का रास्ता पानी और कीचड़ से भर जाता है. स्कूल जाते समय कई बार वे फिसलकर गिर भी जाती हैं. हालात ऐसे हैं कि कई बार उनकी मां को दोनों बच्चियों को गोद में उठाकर स्कूल तक ले जाना पड़ता है. बच्चियों की मांग भी बहुत बड़ी नहीं है. वे बस चाहती हैं कि उनके घर से स्कूल तक ऐसा रास्ता बन जाए, जिससे बारिश के मौसम में भी उन्हें आने-जाने में परेशानी न हो.

परिवार ने खुद बनाया था रास्ता, बारिश में फिर बिगड़ी हालत

परिजनों के मुताबिक, घर तक पहुंचने वाला रास्ता पहले से ही ठीक नहीं था. परिवार ने अपने स्तर पर मिट्टी डालकर और ईंटें लगाकर रास्ते को चलने लायक बनाया था. लेकिन तेज बारिश के बाद रास्ते की हालत फिर खराब हो गई. जगह-जगह पानी भर गया और कीचड़ होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया. परिवार का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से भी शिकायत की गई थी. अधिकारियों की ओर से रास्ता ठीक कराने का भरोसा दिया गया, लेकिन समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई. इसके बाद बच्चियों ने खुद वीडियो बनाकर अपनी बात डीएम तक पहुंचाने की कोशिश की.

मऊ में पहले भी बच्ची की गुहार पर बना था रास्ता

कुछ समय पहले मऊ में सामरा नाज नाम की छात्रा का मामला भी सामने आया था. उसने भी रास्ते की समस्या को लेकर प्रशासन से मदद मांगी थी. इसके बाद प्रशासन ने उसके घर तक रास्ता बनवाया था. अब काव्या और तृषा का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर इस तरह की समस्या को लेकर लोगों का ध्यान प्रशासन की ओर गया है.

नगर पालिका बोली- समस्या की जानकारी है, जल्द होगा समाधान

बच्चियों की शिकायत पर मऊ नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी है. रास्ते की पैमाइश भी कराई जा चुकी है. उन्होंने कहा कि जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द ही बच्चियों की समस्या का समाधान किया जाएगा. अब परिवार और स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि बारिश के बीच स्कूल जाने में परेशान हो रही इन दोनों बच्चियों के लिए रास्ते का काम कब शुरू होता है.

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *