Farrukhabad News : जमीन विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, ईंट और कुर्सी से हमला कर उतारा मौत के घाट

Farrukhabad News : जमीन विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, ईंट और कुर्सी से हमला कर उतारा मौत के घाट
Farrukhabad News : जमीन विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, ईंट और कुर्सी से हमला कर उतारा मौत के घाट

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद कस्बे के वार्ड लोहिया नगर में रविवार देर रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। आरोप है कि शराब के नशे में धुत बेटे ने अपने 68 वर्षीय पिता की कुर्सी और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

चारपाई पलटी, जमीन पर पटककर किया ताबड़तोड़ हमला

पुलिस के मुताबिक, लोहिया नगर निवासी रामदास रविवार रात अपने दिवंगत पुत्र ललित कुमार के घर में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान उनका पुत्र श्याम कुमार उर्फ रामू वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले चारपाई पलट दी, फिर पिता को जमीन पर पटक दिया और कुर्सी व ईंट से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण रामदास की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी आरोपी की पत्नी ममता देवी ने डायल112 और मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

परिवार में पहले से चल रहा था विवाद

परिजनों के अनुसार, परिवार लंबे समय से घरेलू विवादों से जूझ रहा था। बताया गया कि आरोपी ने हाल ही में किस्तों पर बाइक खरीदी थी और उसकी किश्तें चुकाने के लिए वह बड़ी बेटी काजल के जेवर गिरवी रखने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर काजल अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ चली गई थी। आरोप है कि श्याम कुमार अपनी पत्नी ममता और बच्चों सपना, दीपु व नीरज के साथ भी अक्सर मारपीट करता था, जिससे परिवार के सदस्य भय के माहौल में रहते थे। घटना के समय घर के अन्य सदस्य पिंकी की डिलीवरी के सिलसिले में फर्रुखाबाद गए हुए थे।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। उपनिरीक्षक कपिल कुमार कुशवाह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जमीन बेचने को लेकर हुआ था विवाद: एएसपी

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने पिता पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हत्या में बदल गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *