
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कादरी गेट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि रोडवेज बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और युवक बाइक समेत कुछ दूरी तक घिसटता चला गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
घर से पंचर बनवाने निकला था कृष्णा
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के रजीपुर निवासी 19 वर्षीय कृष्णा पिछले दो माह से फर्रुखाबाद शहर के चांदपुर मोहल्ले में अपने मौसा सुरजीत के घर रह रहा था। करीब एक माह पहले उसके मातापिता लालू और सोनी भी शहर में आकर रहने लगे थे। पिता ईरिक्शा चलाकर परिवार का पालनपोषण करते हैं, जबकि कृष्णा एक शीतल पेय एजेंसी में काम करता था।
मौसा सुरजीत ने बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे कृष्णा बाइक लेकर यह कहकर निकला था कि वह बाइक का पंचर बनवाने जा रहा है। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार को चिंता हुई। इसी दौरान मोबाइल फोन पर सड़क हादसे की सूचना मिली।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो सड़क पर खून फैला हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि घायल कृष्णा को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
एक महीने पहले ही खरीदी थी नई बाइक
परिजनों के मुताबिक कृष्णा अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई गौरव है। परिवार ने बताया कि उसने करीब एक महीने पहले ही किस्तों पर नई बाइक खरीदी थी। इसी बाइक से वह हादसे का शिकार हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में शामिल बस बदायूं डिपो की थी, जो बदायूं से फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड की ओर आ रही थी। इसी दौरान कादरी गेट की तरफ जा रहे कृष्णा की बाइक बस से टकरा गई। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में युवक की मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।