
हरदोई, अमृत विचार। क्रिप्टो करेंसी और फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर हजारों निवेशकों से करीब 50 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में रविवार देर रात हरदोई के पाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पाली थाना क्षेत्र के महमूदपुर तेरा गांव निवासी कमल प्रकाश कुशवाहा की तहरीर पर एएसपी/सीओ शाहाबाद आलोक राज नारायण के आदेश पर केस दर्ज किया गया है।
निवेश पर मोटे मुनाफे का दिया गया लालच
तहरीर के अनुसार, ‘बॉम्बिटेक्स एक्सचेंज’ और ‘बीमैक्स रियलिटी’ नामक कंपनियों के संचालकों ने हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और लखनऊ में सेमिनार आयोजित कर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि कंपनी के एमडी लखीमपुर खीरी निवासी जय प्रकाश मौर्य और उनके सहयोगी आशा देवी, देवेंद्र मौर्य, नीतिका मौर्य तथा दया शंकर मौर्य ने खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताते हुए निवेशकों को 7.5 प्रतिशत मासिक रिटर्न, गोवा टूर और लखनऊ में प्लॉट देने का लालच दिया।
भुगतान बंद होते ही सामने आया फर्जीवाड़ा
शिकायत में कहा गया है कि जून के बाद कंपनी ने निवेशकों को भुगतान देना बंद कर दिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी जय प्रकाश मौर्य निवेशकों की गाढ़ी कमाई लेकर दुबई फरार हो गया है, जबकि अन्य आरोपी भी विदेश भागने की फिराक में हैं। पीड़ितों का आरोप है कि भरोसा दिलाने के लिए कंपनी की ओर से 50 लाख रुपये के गारंटी चेक दिए गए थे, लेकिन बाद में वे फर्जी निकले।
हजारों निवेशकों के करोड़ों रुपये फंसे
तहरीर में जिन प्रमुख निवेशकों का उल्लेख किया गया है, उनमें अमित भदौरिया एवं साथी , कमल प्रकाश एवं साथी , अनुराग , कन्हैयालाल व अनिरुद्ध मित्र , सुनील कुमार , राज पाली , दीपेंद्र यादव , हरगुन किशोर राठौर , केशराम पाली , प्रवीण चौहान , छत्रपाल राठौर , गौरव शुक्ला , अंबुज सेमरझाला , रामतीर्थ , अभिषेक कुमार व साथी , डॉ. रामकिशोर , डॉ. प्रदीप यादव तथा अंकित, संतोष और हरिनाम अग्निहोत्री समेत हजारों अन्य निवेशकों के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि कथित ठगी में कितने निवेशकों से कितनी राशि जुटाई गई और रकम का इस्तेमाल कहां किया गया।