
हरदोई। जिले के मझिला थाना क्षेत्र में आटा चक्की कारखाना संचालक का शव गांव के बाहर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक रविवार रात मोबाइल पर कॉल आने के बाद घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह पड़ोसी गांव के बाहर उसका शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल पर कॉल आते ही घर से निकला, फिर नहीं लौटा
मझिला थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी तहज़ीब उर्फ बब्लू पुत्र मुजीब गांव में आटा चक्की का कारखाना चलाता था। वह रविवार रात कारखाना बंद कर घर पहुंचा और खाना खाने के बाद परिवार के साथ था। इसी दौरान करीब रात 12 बजे उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल आने के बाद वह चुपचाप घर से बाहर निकल गया। परिवार के लोग उस समय सो रहे थे, इसलिए किसी ने ध्यान नहीं दिया।
सुबह पड़ोसी गांव के बाहर मिला शव
सोमवार तड़के सूचना मिली कि टुमुर्की गांव के बाहर एक युवक का शव पड़ा है। इसी बीच तहज़ीब के घरवाले उसके लापता होने पर तलाश कर रहे थे। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान तहज़ीब उर्फ बब्लू के रूप में हुई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जुटी जांच में
सूचना पर एसएचओ मझिला वीर बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ शाहाबाद आलोक राज नारायण तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। एएसपी आलोक राज नारायण ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
पिता के निधन के बाद संभाल रहा था परिवार की जिम्मेदारी
परिजनों के अनुसार, तहज़ीब तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। शादी से पहले ही उसके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर आ गई थी। वह आटा चक्की का कारखाना चलाकर परिवार का पालनपोषण कर रहा था।