Haridwar: तन्नू ने सिर्फ एक फोटो ही डाली थी… हरिद्वार में अपनी ही बेटी के लिए जल्लाद बना पिता; दोस्त के साथ मिलकर किया खौफनाक कांड

Haridwar: तन्नू ने सिर्फ एक फोटो ही डाली थी… हरिद्वार में अपनी ही बेटी के लिए जल्लाद बना पिता; दोस्त के साथ मिलकर किया खौफनाक कांड

Uttarakhand Teen Girl Murder Allegation: सोशल मीडिया पर एक फोटो अपलोड करना 13 साल की तन्नू के लिए इतना बड़ा ‘इश्यू’ बन जाएगा, शायद किसी ने सोचा भी नहीं था. उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में स्थित मंगलौर से सामने आया यह मामला बेहद गंभीर और सनसनीखेज है. एक मां ने अपने ही पति और उसके दोस्त पर 13 साल की बेटी को जबरन घर से ले जाकर हत्या करने का आरोप लगाया है.

महिला का दावा है कि बेटी ने अपने पिता के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर फोटो अपलोड की थी, जिससे पति कथित तौर पर बुरी तरह नाराज हो गया. पति और उसका दोस्त बेटी तन्नू को तड़के घर से ले गए और करीब एक घंटे बाद लौटकर दावा किया कि उन्होंने उसे मार दिया है. हालांकि, बेटी का शव अभी बरामद नहीं हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

डेढ़ महीने मामा के घर रही थी तन्नू

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मपुर जट गांव निवासी रीटा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके सबसे छोटी बेटी तन्नू कुछ समय पहले अपने मामा के घर गांव कल्लरपुर कछौल्ली, जिला मुजफ्फरनगर गई थी. वह करीब डेढ़ महीने वहां रहने के बाद वापस घर आई थी. घर लौटने के बाद उसके पति धनेश्वर उर्फ तोता को बेटी के कैरेक्टर पर शक था. उसका आरोप है कि पति को लगता था कि तन्नू किसी लड़के से बात करती है.

बेटी ने सोशल मीडिया पर फोटो डाली तो भड़का पिता

मां रीटा ने आरोप लगाया कि 16 अगस्त को तन्नू ने अपने पिता के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर अपनी फोटो अपलोड कर दी. फिर क्या था, इस बात को लेकर धनेश्वर कथित तौर पर काफी नाराज हो गया. उसी शाम धनेश्वर और उसका दोस्त आशीष उर्फ घोल्ला नशे की हालत में धुत घर पहुंचे. रात में जब नशा कम हुआ और धनेश्वर ने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर बेटी की फोटो देखी तो वह फिर गुस्से में आ गया.

रीटा का आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब 4 बजे तड़के धनेश्वर और उसका दोस्त तन्नू को जबरन घर से बाहर ले जाने लगे. आवाज सुनकर रीटा और उसकी दूसरी बेटी राधिका जाग गईं. दोनों ने बेटी को ले जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और तन्नू को जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए.

रीटा ने पुलिस में की शिकायत

रीटा ने पुलिस को बताया कि बेटी को ले जाते समय उसके पति ने कथित तौर पर कहा कि उसने उन्हें बदनाम कर दिया है उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा. करीब एक घंटे बाद धनेश्वर और आशीष वापस घर लौटे. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। रीटा ने जब अपनी बेटी के बारे में पूछा तो उसके अनुसार पति ने कहा कि तन्नू बदनाम करती थी, इसलिए उसे मार दिया है. रीटा का ये भी आरोप है कि पति ने कथित तौर पर उसे तमंचा दिखाकर धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसे भी जान से मार दिया जाएगा.

रीटा ने पुलिस से शिकायत में आरोप लगाया कि उसका पति क्रिमिनल प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं. महिला का कहना है कि वह पति से डरी हुई है और उसकी बेटी तन्नू का अभी तक कोई पता नहीं चला है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और किशोरी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच में आरोपों की पुष्टि होना बाकी है. तन्नू की बरामदगी और मामले की वास्तविकता सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में वास्तव में क्या हुआ था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *