
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को विधान भवन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की नौ वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने सुशासन, कानूनव्यवस्था, निवेश, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी की पहचान अब ‘उपद्रव प्रदेश’ के बजाय ‘उत्सव प्रदेश’ और सुशासन के मॉडल के रूप में बन रही है।
‘वन डिस्ट्रिक्टवन माफिया’ नहीं, अब ODOP के लिए पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के समय देश के सामने अशिक्षा, असमानता, अराजकता, असुरक्षा, गरीबी, पिछड़ापन, पलायन, जातिवाद, छुआछूत और तुष्टिकरण जैसी चुनौतियां थीं। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने इन चुनौतियों को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। योगी ने कहा कि बेहतर कानूनव्यवस्था से प्रदेश की छवि में बड़ा बदलाव आया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। यूपी अब ‘वन डिस्ट्रिक्टवन माफिया’ के लिए नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्टवन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्टवन कुजीन’ के लिए जाना जा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले नौ वर्षों में प्रदेश का बजट और अर्थव्यवस्था करीब तीन गुना बढ़ी है। वहीं महिला कार्यबल में भी तीन गुना वृद्धि हुई है।
यूपी में आया करीब 50 लाख करोड़ का निवेश
सीएम योगी ने कहा कि सुशासन का असर प्रदेश में निवेश और रोजगार के रूप में दिखाई दे रहा है। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया और चार करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़े उद्योगों की संख्या ढाई गुना बढ़ी है, जबकि 22 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं। इसके अलावा नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा भी मुख्यमंत्री ने किया।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2088499982865420366
‘युवा शक्ति से स्टार्टअप शक्ति तक बढ़ा यूपी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। युवा शक्ति से स्टार्टअप शक्ति तक प्रदेश ने अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सिर्फ बदल नहीं रहा, बल्कि बदलाव की दिशा भी तय कर रहा है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
शिक्षा में भी बड़े बदलाव का दावा
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि इंसेफ्लाइटिस जैसी संचारी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण हासिल किया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में ड्रॉपआउट रेट 19 प्रतिशत से घटकर करीब तीन प्रतिशत रह गया है। योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को उचित मानदेय उपलब्ध कराने का काम किया गया है।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को किया याद
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने शहीदों और सुरक्षा बलों के साहस को याद करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल के इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान का भी उल्लेख किया। योगी ने बताया कि शामली में कुख्यात अपराधियों के खिलाफ हुई मुठभेड़ में इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए चार दुर्दांत अपराधियों को मार गिराने में सफलता हासिल की थी। इस दौरान घायल होने के बाद उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार को उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सिर्फ एक पुलिस अधिकारी का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रत्येक जवान के शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान है।
हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के लोकगीतों पर कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जम्मूकश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। समारोह में मुख्यमंत्री ने शहीदों और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।
‘स्वतंत्रता अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी’
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का भी संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।