आईपीएल 2028 के मेगा ऑक्शन से पहले ही खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजियों के बीच पैसों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कुछ बड़े भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी रिटेंशन फीस को लेकर ऐसा प्रस्ताव रखा है, जिससे टीम मालिकों की चिंता बढ़ सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम दो टॉप खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजी से साफ कह दिया है कि अगर उन्हें 40 करोड़ रुपये मिलते हैं, तभी वे अपनी मौजूदा टीम के साथ बने रहने को तैयार हैं।

दो खिलाड़ियों ने रखी 40 करोड़ रुपये की मांग
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, IPL के कुछ बड़े खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजी के सामने 40 करोड़ रुपये की रिटेंशन फीस की मांग रखी है। कम से कम दो खिलाड़ियों ने अपनी टीमों को यह बात बता दी है कि इतनी रकम मिलने पर ही वे रुकने के बारे में सोचेंगे। इतना ही नहीं, आने वाले समय में दूसरे बड़े खिलाड़ी भी इसी रास्ते पर चल सकते हैं। उन्हें लगता है कि अगर वे रिटेन होने के बजाय मेगा ऑक्शन में उतरते हैं तो उन्हें इससे भी बड़ी रकम मिल सकती है।
ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
खिलाड़ियों की इस मांग के पीछे आईपीएल 2025 का मेगा ऑक्शन भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। उस नीलामी में ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं श्रेयस अय्यर को पंजाब किंग्स ने 26.75 करोड़ रुपये खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया था। दोनों खिलाड़ी अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी से रिटेन नहीं हुए थे और IPL नीलामी में बड़ी रकम हासिल करने में सफल रहे थे।
40 करोड़ देने पर फ्रेंचाइजियों का बिगड़ेगा बजट
IPL 2027 के लिए प्रत्येक फ्रेंचाइजी का पर्स 130 करोड़ रुपये है। वहीं IPL 2028 के मेगा ऑक्शन में यह रकम बढ़कर लगभग 150 करोड़ रुपये होने की उम्मीद जताई जा रही है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। हालांकि, 150 करोड़ के पर्स में से किसी एक खिलाड़ी को 40 करोड़ देना भी टीमों के लिए बड़ा फैसला होगा।
इसके अलावा, रिपोर्ट में एक खिलाड़ी की कप्तानी की मांग का भी जिक्र किया गया है। ऐसे में फ्रेंचाइजियों के सामने सिर्फ पैसे ही नहीं, बल्कि कप्तानी और टीम संयोजन को लेकर भी चुनौती होगी। फिलहाल किसी खिलाड़ी का नाम आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है और न ही BCCI ने 40 करोड़ की रिटेंशन फीस को लेकर कोई नया नियम घोषित किया है।