Jauhar University News : जौहर यूनिवर्सिटी पर सपा में मतभेद? असीम राजा ने डॉ. एसटी हसन के बयान से बनाई दूरी, जानें क्या कहा…

Jauhar University News : जौहर यूनिवर्सिटी पर सपा में मतभेद? असीम राजा ने डॉ. एसटी हसन के बयान से बनाई दूरी, जानें क्या कहा…
Jauhar University News : जौहर यूनिवर्सिटी पर सपा में मतभेद? असीम राजा ने डॉ. एसटी हसन के बयान से बनाई दूरी, जानें क्या कहा…

रामपुर, अमृत विचार। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष और आजम खां के करीबी नेता असीम राजा ने रविवार को प्रेसवार्ता कर विश्वविद्यालय को सरकार या राज्यपाल के अधीन चलाने संबंधी बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई।

डॉ. एसटी हसन से बयान वापस लेने की मांग

जेल रोड स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में असीम राजा ने मुरादाबाद के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन के उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने जौहर विश्वविद्यालय को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अधीन चलाने का सुझाव दिया था। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट किया जाए कि यह डॉ. हसन की व्यक्तिगत राय है या समाजवादी पार्टी का आधिकारिक रुख। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने डॉ. हसन से अपना बयान वापस लेने की मांग भी की।

‘जौहर विश्वविद्यालय का अधिग्रहण संभव नहीं’

असीम राजा ने कहा कि कुछ लोग विश्वविद्यालय को सरकार या किसी अन्य संस्था को सौंपने की बात कर रहे हैं, जबकि जौहर विश्वविद्यालय भारतीय संविधान और कानून के तहत स्थापित एक वैध शैक्षणिक संस्थान है। ऐसे में इसे सरकार द्वारा चलाने या अधिग्रहित करने की बातें पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर लगाए गए काउंसलिंग कैंप को हटाए जाने के फैसले का स्वागत किया। हालांकि उन्होंने मांग दोहराई कि विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने का आदेश भी तत्काल वापस लिया जाए।

संजय सिंह के बयान पर भी जताई नाराजगी

असीम राजा ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के बयान को भी अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए और सांसद को अपने बयान पर पुनर्विचार करना चाहिए। प्रेसवार्ता में सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने भी जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश को वापस लेने की मांग की। इस दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमेंद्र चौहान सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *