
कानपुर, अमृत विचार। नौबस्ता थाना क्षेत्र में वृद्धा से मारपीट का विरोध करना एक 19 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पितापुत्र समेत नौ लोगों ने युवक और उसके चाचा पर लोहे की रॉड व लाठीडंडों से हमला कर दिया। इलाज के बाद घर लौटने पर आरोपियों ने दोबारा घर में घुसकर मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक की हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
वृद्धा से अभद्रता का विरोध करने पर हुआ विवाद
यशोदानगर कच्ची बस्ती निवासी किसान वीरेंद्र कुमार तिवारी का 19 वर्षीय बेटा राहुल शादी समारोहों में वेटर का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, 18 जुलाई की रात राहुल पड़ोस में रहने वाली एक वृद्धा को खाना देने गया था। इसी दौरान इलाके के कल्लू ने कथित तौर पर वृद्धा पर पानी फेंक दिया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। राहुल ने इसका विरोध किया तो आरोपी और उसके साथियों ने उस पर लाठीडंडों से हमला कर दिया।
बीचबचाव करने पहुंचे चाचा को भी पीटा
राहुल की चीखपुकार सुनकर उसके चाचा संतोष कुमार बीचबचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोप है कि आरोपी पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर आ गए और चाचाभतीजे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इस हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घायलों को कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घर में घुसकर दोबारा हमला, युवक की मौत
परिजनों का आरोप है कि रात करीब 2:30 बजे आरोपी दोबारा घर में घुस आए और राहुल पर फिर से लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने पथराव भी किया। गंभीर रूप से घायल राहुल और उसके चाचा को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार तड़के इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई।
नौ लोगों पर केस, तीन हिरासत में
थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।