Kanpur News : हरियाणा से बिहार जा रही स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, CM योगी ने जताया दुख; 3 की मौत

Kanpur News : हरियाणा से बिहार जा रही स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, CM योगी ने जताया दुख; 3 की मौत
Kanpur News : हरियाणा से बिहार जा रही स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, CM योगी ने जताया दुख; 3 की मौत

कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर थाना क्षेत्र में रूमा के पास सोमवार सुबह नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब छह बजे उस समय हुआ, जब हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

दुर्घटना में एक युवक, एक किशोर और एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश भी की जा रही है। 

CM योगी ने जताया दुख

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने तथा मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।

ये भी पढ़ें : 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *