Kanpur News: हैलट अस्पताल के ENT विभाग में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 100 मरीज सुरक्षित निकाले

Kanpur News: हैलट अस्पताल के ENT विभाग में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 100 मरीज सुरक्षित निकाले
Kanpur News: हैलट अस्पताल के ENT विभाग में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 100 मरीज सुरक्षित निकाले

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के लाला लाजपत राय चिकित्सालय में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई। आग ईएनटी विभाग के इलेक्ट्रिक पैनल में लगी, जिसके बाद पास स्थित अल्ट्रासाउंड और एक्सरे केंद्र में धुआं फैल गया। धुआं फैलते ही मरीजों और तीमारदारों में अफरातफरी मच गई, लेकिन अस्पताल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:40 बजे इलेक्ट्रिक पैनल में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। आग से उठे धुएं ने कुछ ही देर में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे केंद्र को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और 100 से अधिक मरीजों व उनके तीमारदारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अस्पताल कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, धुआं भर जाने के कारण कुछ समय के लिए जांच सेवाएं प्रभावित रहीं।

घटना के बाद एहतियात के तौर पर अल्ट्रासाउंड और एक्सरे केंद्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे जांच कराने पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर तकनीकी जांच शुरू करा दी है।

हैलट अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक प्रो. सौरव अग्रवाल ने बताया कि इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। कर्मचारियों ने तत्काल आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। उन्होंने कहा कि प्रभावित सेवाओं को जल्द बहाल किया जाएगा और शॉर्ट सर्किट के कारणों की भी विस्तृत जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *