Kolhapur Crime News: कोल्हापुर में महिला सरपंच की हत्या, सबूत मिटाने के लिए शव 400KM दूर ले गया प्रेमी; ऐसे खुला राज

Kolhapur Crime News: कोल्हापुर में महिला सरपंच की हत्या, सबूत मिटाने के लिए शव 400KM दूर ले गया प्रेमी; ऐसे खुला राज

Kolhapur News: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक महिला सरपंच की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध और शादी को लेकर चल रहे विवाद के चलते आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद सबूत छिपाने के इरादे से शव को करीब 400 किलोमीटर दूर भिवंडी ले जाया गया. हालांकि आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों पर रिश्तेदार को शक हो गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पूरे मामले का खुलासा हो गया.

Kolhapur Crime News: कोल्हापुर में महिला सरपंच की हत्या, सबूत मिटाने के लिए शव 400KM दूर ले गया प्रेमी; ऐसे खुला राज

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सुरेखा शिवाजी न्यारे के रूप में हुई है. वह कोल्हापुर जिले की शाहूवाड़ी तहसील के शिरगांव ग्राम पंचायत की सरपंच थीं. इस मामले में पुलिस ने प्रकाश उर्फ बाबू आनंदा पाटील को गिरफ्तार किया है.

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुरेखा और प्रकाश के बीच प्रेम संबंध थे. पुलिस के अनुसार, महिला आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसे लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची.

खेत में ले जाकर गला दबाकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई की सुबह आरोपी सुरेखा को गांव के एक खेत में ले गया. वहां उसने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी ने शव को अपनी इको कार की डिक्की में रखा और उसे ठिकाने लगाने के लिए करीब 400 किलोमीटर दूर भिवंडी के कशेली इलाके में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंच गया.

रिश्तेदार को शक हुआ तो खुला मामला

मंगलवार तड़के आरोपी की हरकतों पर उसके रिश्तेदार को शक हुआ. उन्होंने बिना देर किए नारपोली पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय कदम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार से महिला का शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

कोल्हापुर पुलिस को सौंपी गई जांच

नारपोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जीरो नंबर पर हत्या का मामला दर्ज किया है. इसके बाद आगे की जांच के लिए पूरा मामला कोल्हापुर पुलिस को सौंप दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के सामने आने के बाद शिरगांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *