
झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली इलाके में सोमवार को एक भीषणा सड़क हादसा हो गया। कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी मिलाने वाली कंक्रीट मिक्सर मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। मशीन में तेज करंट फैलने से वहां काम कर रहे 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 से 4 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद अफरा-तफरी, मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
करंट लगते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मदद के लिए पहुंचे। साथ ही झुंझुनूं के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल के लिए रवाना हो गए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया जा सके।
मुख्यमंत्री भजनलाल ने दिए जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना के कारणों की जांच के आदेश भी दिए हैं।
मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग
इस हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मामले की निष्पक्ष जांच, लापरवाही बरतने वालों पर जवाबदेही तय करने और मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वहीं घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद हैं।’