मां और छोटे भाई की हत्या से दहला इलाका, वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद, बड़ा बेटा और बहू हिरासत में, जानें क्या है पूरा मामला

मां और छोटे भाई की हत्या से दहला इलाका, वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद, बड़ा बेटा और बहू हिरासत में, जानें क्या है पूरा मामला
Featured Image

आरा (भोजपुर) : बिहार के भोजपुर जिले से दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार देर रात मां और उसके छोटे बेटे की धारदार हथियार व हथौड़े से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस को घटनास्थल से खून से सना हथौड़ा मिला है। शुरुआती जांच में इस डबल मर्डर के पीछे पारिवारिक प्रॉपर्टी का विवाद सामने आ रहा है। पुलिस ने इस मामले में किसी बाहरी को नहीं बल्कि मृतका के बड़े बेटे और बहू को ही हिरासत में लिया है और दोनों से पूछताछ कर रही है।

कैसे और कब हुई वारदात?

मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव के वार्ड नंबर-7 निवासी स्वर्गीय विश्वामित्र सिंह की पत्नी रामवती कुंवर (55) और उनके छोटे बेटे सुनील कुमार (25) के रूप में हुई है। जगदीशपुर के एसडीपीओ (SDPO) रवि कुमार ने मीडिया को बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे पुलिस को तेंदुनी मोहल्ले में दो लोगों की हत्या की सूचना मिली थी। खबर मिलते ही वह थानाध्यक्ष और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, जहां घर के अंदर मां और बेटे मृत अवस्था में पाए गए।

गर्दन पर धारदार हथियार के वार, मौके से मिला हथौड़ा

घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से खून लगा एक हथौड़ा और कई अहम सुराग जुटाए हैं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। दोनों की गर्दन और शरीर के दूसरे हिस्सों पर धारदार हथियार व हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए गए थे।

घर में खून के निशान धोने के मिले सबूत

पुलिस की छानबीन जैसे-जैसे आगे बढ़ी, शक की सुई घर के ही सदस्यों की तरफ घूम गई। एसडीपीओ के मुताबिक मृतक सुनील कुमार का बड़ा भाई दिनेश कुमार उर्फ दीपक शादीशुदा है और अपनी पत्नी शांति देवी के साथ रहता है। शुरुआती जांच में परिवार के बीच संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इसके अलावा पुलिस को दिनेश के घर में खून के धब्बे धोए जाने के भी साक्ष्य मिले हैं।

बड़े बेटे और बहू से राज उगलवाने में जुटी पुलिस

खून के निशान साफ किए जाने के सुराग और प्रॉपर्टी विवाद की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बड़े बेटे दिनेश और उसकी पत्नी शांति देवी को हिरासत में ले लिया है। जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया, “मृतका रामवती देवी के बड़े बेटे दिनेश उर्फ दीपक और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि हत्या की असली वजह संपत्ति विवाद ही है या इसके पीछे कोई और कारण है। मामले में किसी अन्य की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *