
अमृत विचार, डिजिटल डेस्क। नोएडा के मामूरा गांव में बुधवार दोपहर को एक इमारत के भूतल में इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करने के दौरान एक इमारत में आग लग जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना फेज 3 क्षेत्र के मामूरा गांव के गली नंबर2 में बुधवार दोपहर एक मकान के भूतल पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने के दौरान अचानक चिंगारी निकली। इस घटना में उक्त ईवाहन और आसपास खड़े अन्य वाहनों में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। चौबे ने बताया कि सूचना मिलने पर हाइड्रोलिक प्लेटफार्म और आग बुझाने के उपकरण के साथ दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाया।
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और उक्त परिसर में रहने वाले 50 से अधिक लोगों को पुलिस और दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि धुएं के कारण मूर्छित हुई एक महिला और एक पुरुष को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि थाना फेज3 पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और कुछ लोगों को इस मामले में हिरासत में लिया गया है।
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस और फायर विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच करेंगे।