PDA रथ के रंग पर सवाल करने वालों को अखिलेश का जवाब, कहा आंख का इलाज कराएं​

PDA रथ के रंग पर सवाल करने वालों को अखिलेश का जवाब, कहा आंख का इलाज कराएं​

चुनावी समर में उतरने से पहले ही समाजवादी पार्टी के PDA रथ के रंग पर सियासी बवाल शुरू हो गया है. पहले सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर, फिर बसपा सुप्रीमो मायावती ने पीडीए रथ का रंग भगवा बताया था. अब सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इसपर पलटवार करते हुए कहा कि कुछ लोगों को वर्णान्धता की दिक्कत हैं. उन्हें रंगों का अंतर समझ नहीं आ रहा और दुष्प्रचार करने लगे हैं.

अखिलेश यादव ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि उनके पीडीए के रथ का रंग लाल है. चूंकि इन लोगों को रंगों का फर्क ही नहीं पता, इसलिए दुष्प्रचार किए जा रहे हैं. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को इनकी आंखों का इलाज कराना चाहिए. एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि कुछ लोगों की सोच ही नकारात्मक है. इसलिए नकारात्मक बात करते हैं और नाकारात्मक काम करते हैं.

जीत का टूटेगा रिकॉर्ड

अखिलेश यादव ने अपनी चुनावी गणित का खुलासा करते हुए कहा कि इस बार सपा रिकॉर्ड सीटों से जीत कर सरकार बनाने जा रही है. वहीं उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग अपने कर्मो की वजह से सत्ता से बाहर जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इनकी सरकार में यूपी में 20 से ज़्यादा पेपर लीक हुए है. ये सभी पेपर जान बूझकर लीक कराए गए हैं, ताकि आउटसोर्सिंग को फायदा पहुंचाया जा सके.

हारी सीटें भी जीतेंगे अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि ये सरकार लोगों की जान ले रही है. इन्हें न्यायालय पर भी भरोसा नहीं. उन्होंने कहा कि वह संगठन के लोगों से मिल रहे हैं, खासतौर पर जहां पिछले चुनावों में समाजवादी पार्टी हार गई थी. इस बार हम लोगों ने संकल्प लिया है कि इस बार वो हारी हुई सीटें भी जीतेंगे. उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में आरक्षण की लूट हो रही है. इस विषय पर हमने एक बुक जारी की थी, लेकिन सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया.

ओमप्रकाश पर पलटवार

उत्तर प्रदेश के चार हिस्से में बांटने संबंधी ओमप्रकाश राजभर के बयान पर भी अखिलेश ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जो देश बांटने की बात करते थे, वही अब प्रदेश के बंटवारे की बात कर रहे है. निश्चित रूप से इसके पीछे आरएसएस के लोग होंगे. उन्होंने कहा कि कमजोर लोग बंटवारे की बात करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *